क़त्ल के लिए रखे गए छह गौवंशीय पशु बरामद — सदर बाज़ार पुलिस की त्वरित कार्रवाई, आरोपी गिरफ्तार

जालना/कादरी हुसैन
जालना शहर के सदर बाज़ार पुलिस थाना क्षेत्र में बुधवार, 04 दिसंबर 2025 को सुबह अवैध पशु कटाई पर बड़ी कार्रवाई की गई। पुलिस उपनिरीक्षक सचिन सानप व उनकी टीम — पोहेकॉ डिघोळे, डोईफोडे, तडवी, कानडजे तथा पोकॉ जायभाये — क्षेत्र में अवैध गतिविधियों की जानकारी जुटा रहे थे, तभी एक पुख्ता गुप्त सूचना मिली कि चमड़ा बाजार स्थित दो गोदामों में क़त्ल हेतु गौवंशीय पशु अवैध रूप से रखे गए हैं।
सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने तत्काल दो पंचों को साथ लेकर सुबह करीब 8 बजे चमड़ा बाजार के उक्त स्थान पर छापा मारा। वहां मौजूद व्यक्ति ने अपना नाम ईरफान अब्दुल रहीम कुरैशी (35), निवासी भाजी मंडी, मंगल बाजार, काद्राबाद, जालना बताया।

पंचों की मौजूदगी में दोनों गोदामों की तलाशी ली गई, जिसमें क़त्ल के लिए लाए गए छह गौवंशीय पशु बरामद हुए जिनकी अनुमानित कीमत ₹1,16,000 बताई जाती है। साथ ही अवैध कटाई में उपयोग होने वाला सामान भी जब्त किया गया।
बरामद पशुओं को सुरक्षा की दृष्टि से तुरंत गोशाला में जमा कराया गया और पंचनामा तैयार कर आगे की कार्रवाई शुरू की गई है।
यह पूरी कार्रवाई मा. पुलिस अधीक्षक, मा. अपर पुलिस अधीक्षक, मा. उपविभागीय पुलिस अधिकारी तथा पो.नि. सदंडी भारती, पुलिस थाना सदर बाजार के मार्गदर्शन में की गई। छापेमारी में पुलिस उपनिरीक्षक सचिन सानप व उनकी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
