लेखा अधिकारी पांडुरंग बेलेकर पर 6,000 रुपये रिश्वत मांगने का गंभीर आरोप; ला.प्र.वि. औरंगाबाद की कार्रवाई में मामला दर्ज

जालना/कादरी हुसैन
जिल्हाधिकारी कार्यालय, जालना में कार्यरत लेखा अधिकारी (शिक्षण) पांडुरंग बेलेकर (47 वर्ष, निवासी निसर्ग कॉलोनी, तारांगण जालना) के विरुद्ध 6,000 रुपये रिश्वत मांगने का मामला उजागर हुआ है। यह कार्रवाई लाचलुचपत प्रतिबंधक विभाग, औरंगाबाद की टीम ने सरकारी शिकायतकर्ता की जानकारी पर की।
शिकायत पुलिस निरीक्षक राजू भाऊलाल नांगलोत की ओर से दर्ज की गई।
शिकायतकर्ता ने शिक्षक पदवीधर श्रेणी में 12 वर्ष की सेवा पूर्ण होने के बाद वरिष्ठ वेतन श्रेणी का प्रमाणपत्र प्राप्त किया था। इसके वेतन निर्धारण एवं सत्यापन के लिए उन्होंने सभी आवश्यक दस्तावेज लेखा अधिकारी पांडुरंग बेलेकर को प्रस्तुत किए थे।
1 अक्टूबर 2025 को शिकायतकर्ता कार्यालय में स्वयं उपस्थित हुए और प्रक्रिया पूर्ण करने का अनुरोध किया। इसी दौरान आरोपी बेलेकर ने उनकी सेवा-पुस्तिका पर हस्ताक्षर करने व वेतन निर्धारण की पुष्टि करने के लिए 6,000 रुपये रिश्वत की मांग की। शिकायतकर्ता द्वारा रिश्वत देने से इनकार करने पर उन्होंने मामला तुरंत ला.प्र.वि. औरंगाबाद कार्यालय में दर्ज कराया।
7 अक्टूबर को पंचों की उपस्थिति में की गई सत्यापन प्रक्रिया में आरोपी ने 6,000 रुपये की मांग दोहराई और उसे स्वीकार करने की सहमति भी दर्शाई, जिससे रिश्वत मांगने का आरोप पुष्ट हुआ।
8 अक्टूबर 2025 को ट्रैप की कार्रवाई की गई। हालांकि आरोपी को शिकायतकर्ता पर संदेह हो गया, जिसके चलते उन्होंने रिश्वत की राशि स्वीकार नहीं की। इसके बावजूद, पूर्व सत्यापन में रिश्वत मांगने का अपराध सिद्ध होने के कारण उनके विरुद्ध आगे की कानूनी कार्यवाही आरंभ की गई।
कार्यालय एवं निजी तलाशी के दौरान आरोपी के पास से एक iPhone, घरेलू अलमारी की चाबियाँ, मोटरसाइकिल की चाबी तथा 3,600 रुपये नकद बरामद हुए। मोबाइल डेटा का विश्लेषण जारी है, जबकि घर की तलाशी भी प्रगति पर है।
9 दिसंबर 2025 को लेखा अधिकारी पांडुरंग बेलेकर को हिरासत में लेकर उनके विरुद्ध पुलिस स्टेशन तालुका, जालना में मामला दर्ज किया गया।
कार्रवाई में सम्मिलित अधिकारी एवं पथक
संचालनालय – लेखा एवं कोषागार, महाराष्ट्र राज्य, मुंबई
ट्रैप अधिकारी:
• पुलिस निरीक्षक राजू भाऊलाल नांगलोत
• श्री धर्मराज बांगर
जांच अधिकारी:
• पुलिस उप अधीक्षक बाळासाहेब शिंदे, ला.प्र.वि. औरंगाबाद
वरिष्ठ मार्गदर्शन:
• पुलिस अधीक्षक श्रीमती माधुरी केदार कांगणे
• अपर पुलिस अधीक्षक श्री शशिकांत सिंगारे
• पुलिस उप अधीक्षक श्री सुरेश नाईकनवरे
ट्रैप टीम:
पुलिस हवलदार साईनाथ तोडकर, पुलिस नाईक भीमराज जिवडे, पुलिस अमलदार युवराज हिवाळे, पुलिस अमलदार रामेश्वर ताठे (ला.प्र.वि. औरंगाबाद)
