AurangabadBreaking NewsCrime News

औरंगाबाद: फर्जी सिम कार्ड से मंगाया गया 6.14 लाख का नायलॉन मांजा स्टॉक पुलिस ने पकड़ा, दो आरोपी गिरफ्तार

औरंगाबाद/प्रतिनिधि 

दूसरे व्यक्ति के नाम पर जारी मोबाइल सिम कार्ड का उपयोग करते हुए फर्जी पहचान से कुरियर कंपनी के माध्यम से मंगाए गए 6 लाख 14 हजार 400 रुपये मूल्य के नायलॉन मांजे का विशाल स्टॉक औरंगाबाद गुन्हे शाखा पुलिस ने जप्त किया है। इस बाबत जानकारी गुन्हे शाखा के पुलिस उपायुक्त रत्नाकर नवले ने बुधवार को आयोजित प्रेस वार्ता में दी। मामले में राजाबाजार क्षेत्र स्थित ‘हिना पतंग मार्ट’ के मालिक सहित दो लोगों के खिलाफ सिटीचौक पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों के नाम समीर अहमद नजीर अहमद (43), निवासी आजम कॉलोनी, रोशनगेट क्षेत्र और शेख फईम शेख नईम (33), निवासी बाबर कॉलोनी, कटकटगेट क्षेत्र हैं। पर्यावरण और मानव जीवन के लिए अत्यंत हानिकारक नायलॉन मांजे की बिक्री और भंडारण के खिलाफ पुलिस ने पिछले कुछ दिनों में विशेष अभियान चलाया हुआ है।

जानकारी के अनुसार, मुकुंदवाड़ी क्षेत्र स्थित ‘डिलिवरी लिमिटेड कुरियर सर्विसेस’ में पिछले एक माह से प्रदीप पाटिल के नाम पर 12 बॉक्स आए थे, जिन्हें संबंधित व्यक्ति ने कभी लिया ही नहीं। यह सूचना गुन्हे शाखा को मिलने पर पुलिस ने कार्रवाई तेज की।

पुलिस उपायुक्त रत्नाकर नवले, एसीपी अशोक राजपूत के मार्गदर्शन में निरीक्षक गजानन कल्याणकर, उपनिरीक्षक संदीप काळे, तथा पुलिस कर्मी संदीप तायडे, कैलास काकड, दत्तात्रय गडेकर, मनोज विखनकर, विजय निकम, बाळू नागरे, विजय घुगे, प्रमोद सुरसे आदि की टीम ने कुरियर कार्यालय में छापा मारा। जांच में बरामद 12 बॉक्सों में 6 लाख 14 हजार 400 रुपये मूल्य के नायलॉन मांजे के कुल 672 गट्ठे मिले, जिन्हें तुरंत जब्त कर लिया गया।

बॉक्सों पर लिखे मोबाइल नंबर की तकनीकी जांच करने पर पता चला कि वह जालना जिले के जाफराबाद निवासी शेख युनूस शेख कय्यूम कुरैशी के नाम पर जारी था। इस पूरे प्रकरण में पुलिस ने हिना पतंग मार्ट के मालिक समीर अहमद नजीर अहमद और शेख फईम शेख नईम के खिलाफ सिटीचौक पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button