AurangabadBreaking News

औरंगाबाद: कोकणवाड़ी चौक से देवगिरी महाविद्यालय तक फुटपाथ पर बने 17 अतिक्रमणधारी दुकानों पर महापालिका की बड़ी कार्रवाई

औरंगाबाद/प्रतिनिधि 

औरंगाबाद के कोकणवाड़ी चौक से देवगिरी महाविद्यालय तक जाने वाली सड़क के फुटपाथ पर कई वर्षों से दुकानदारों द्वारा किए गए अतिक्रमण को हटाने के लिए बुधवार दोपहर महापालिका ने बड़ी कार्रवाई की। फुटपाथ पूरी तरह गायब हो जाने के कारण वाहन चालकों को लंबे समय से भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। इसी समस्या को देखते हुए महापालिका के अतिक्रमण हटाव पथक ने अचानक कार्रवाई करते हुए कुल 17 अवैध दुकानों को धराशायी कर दिया। अचानक हुई इस कार्रवाई से व्यापारी वर्ग में हड़कंप मच गया।

महापालिका प्रशासक जी. श्रीकांत ने बताया कि सड़क चौड़ीकरण अभियान रुका नहीं है और पुलिस बंदोबस्त तथा परिस्थितियों के अनुसार यह कार्यवाही आगे भी समय–समय पर जारी रहेगी। उन्होंने यह भी कहा कि यातायात में बाधा डालने वाले सभी अतिक्रमण निरंतर हटाए जाएंगे।

कोकणवाड़ी चौक से देवगिरी महाविद्यालय की ओर जाने वाले इस छोटे मार्ग पर फुटपाथ पर वर्षों से छोटी–छोटी होटलें, गैरेज और अन्य प्रकार की दुकानें बनाई गई थीं। महाविद्यालय प्रशासन सहित कई सरकारी कार्यालयों ने इस मार्ग पर लगातार हो रही यातायात जाम की शिकायतें महापालिका को दी थीं।

बुधवार दोपहर अतिक्रमण हटाव पथक के नियंत्रण अधिकारी संतोष वाहुळे अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। टीम ने पहले दुकानदारों को अपना सामान निकालने की अपील की। कुछ दुकानों में सामान अधिक होने के कारण महापालिका कर्मचारियों ने स्वयं भी उनकी मदद की। इसके बाद लोहे की चादरों से बनी कुल 17 दुकानों को पूरी तरह हटाया गया। वहीं, एक बड़े गैरेज की दीवार सड़क में बाधा बन रही थी, जिसे भी गिरा दिया गया।

यह पूरी कार्रवाई सहायक आयुक्त संजय सुरडकर, भवन निरीक्षक रवींद्र देसाई, सागर श्रेष्ठ तथा नागरी मित्र पथक के कर्मचारियों की उपस्थिति में संपन्न हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button