मा. विशेष पुलिस महानिरीक्षक, औरंगाबाद परिक्षेत्र द्वारा जालना जिले की अपराध समीक्षा बैठक सम्पन्न

जालना/कादरी हुसैन
दि. 12 दिसंबर 2025 — मा. श्री वीरेंद्र मिश्र, विशेष पुलिस महानिरीक्षक, औरंगाबाद परिक्षेत्र ने जालना जिले के सभी उपविभागीय पुलिस अधिकारी, थाना प्रभारी एवं शाखा प्रमुखों की व्यापक अपराध समीक्षा बैठक पुलिस अधीक्षक कार्यालय, जालना में आयोजित की।

बैठक की शुरुआत जिले की पुलिस कार्यक्षमता को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम के साथ हुई। मा. विशेष पुलिस महानिरीक्षक के हस्ते जिला नियोजन समिती से प्राप्त एक करोड़ सत्तावन लाख रुपये (₹1,57,00,000) के निधि से खरीदी गई 30 ज़ेरॉक्स मशीनें, 60 कंप्यूटर सेट, 60 प्रिंटर और 10 लैपटॉप का वितरण जिले के सभी पुलिस थानों, उपविभागीय पुलिस अधिकारियों के कार्यालयों तथा पुलिस अधीक्षक कार्यालय की विभिन्न शाखाओं को किया गया।

इसके पश्चात नवंबर 2025 में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया।
अपराध समीक्षा सत्र में हत्या, हत्या का प्रयास, डकैती, लूट, घरफोड़, दोपहिया व चारपहिया वाहन चोरी सहित अन्य गंभीर व लंबित मामलों पर विस्तृत चर्चा की गई। इन अपराधों की त्वरित उकल के लिए सभी थाना अधिकारियों को विशेष निर्देश जारी किए गए।

बैठक में विशेष रूप से निर्देश दिया गया कि आगामी समय में मादक पदार्थों के विरुद्ध बड़े पैमाने पर प्रभावी कार्रवाई की जाए। साथ ही उपविभागीय पुलिस अधिकारी एवं थाना प्रभारी अधिकाधिक गांवभेट (गांव दौरों) के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था मजबूत करें, प्रत्येक गांव में सीसीटीवी कैमरे लगाने हेतु जनजागृति करें तथा नए कानूनों के प्रभावी लागूकरण से दोषसिद्धि दर में वृद्धि सुनिश्चित करें।
आगामी चुनावों को देखते हुए सभी अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि शरीर व माल के विरुद्ध दो या अधिक अपराध वाले आरोपियों पर कड़ी प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जाए तथा अवैध धंधों पर सशक्त और दर्जेदार कार्रवाई की जाए।
इस महत्वपूर्ण बैठक में
– मा. अजयकुमार बंसल, पुलिस अधीक्षक जालना
– मा. आयुष नोपानी, अपर पुलिस अधीक्षक जालना
तथा जिले के सभी उपविभागीय पुलिस अधिकारी, सभी थाना प्रभारी और सभी शाखा प्रमुख उपस्थित रहे।
