गंगासागर गैस एजेंसी की अपील, गैस कनेक्शन जांच अभियान में सहयोग और जागरूकता जरूरी

कन्नड/अशरफ़ अली
गंगासागर गैस एजेंसी, कन्नड (इंडियन ऑयल) की ओर से गैस कनेक्शन जांच अभियान को लेकर ग्राम पंचायत स्तर पर सहयोग की अपील की गई है। इस संबंध में एजेंसी द्वारा सरपंच और ग्रामसेवक को पत्र देकर जनजागृति करने का अनुरोध किया गया है।
पत्र में बताया गया है कि इंडियन ऑयल कंपनी के नियमों के अनुसार प्रत्येक गैस उपभोक्ता के कनेक्शन की हर पांच वर्ष में एक बार सुरक्षा जांच की जाती है। इस जांच के दौरान गैस चूल्हा सुरक्षित स्थान पर रखा गया है या नहीं, गैस पाइप की स्थिति की जांच, खराब पाइप होने पर उसे बदलना, ई-केवाईसी की स्थिति तथा मोबाइल नंबर लिंक है या नहीं, इन सभी बिंदुओं की जांच की जाती है। इसके बाद जांच रिपोर्ट कंपनी को प्रस्तुत की जाती है।
गंगासागर गैस एजेंसी ने कहा है कि गैस उपभोक्ताओं की सुरक्षा सर्वोपरि है और इसके लिए सभी का सहयोग आवश्यक है। इसलिए गांव में आने वाले गैस जांच कर्मचारियों को पूरा सहयोग देकर सभी उपभोक्ताओं की गैस जांच कराई जाए, ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचा जा सके।
एजेंसी की ओर से ग्राम पंचायत से अपील की गई है कि इस अभियान में सक्रिय सहयोग कर ग्रामीणों को जागरूक किया जाए और गैस कनेक्शन की जांच सुचारू रूप से पूरी कराई जाए।
