विकास लोंढे हत्याकांड में मोक्का लागू, छह आरोपी गिरफ्तार

जालना/कादरी हुसैन
जालना शहर की नूतन वसाहत में 25 अक्टूबर 2025 की रात करीब एक बजे पुराने विवाद के चलते लोहे की रॉड और लाठियों से बेरहमी से हमला कर विकास प्रकाश लोंढे की हत्या किए जाने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम (मोक्का) की धाराएं लागू कर दी हैं।
इस सनसनीखेज हत्याकांड के संबंध में कदीम जालना पुलिस थाना में अपराध दर्ज किया गया था। मामले की जांच उपविभागीय पुलिस अधिकारी जालना अनंत कुलकर्णी कर रहे हैं। जांच के दौरान सामने आया कि इस अपराध को संगठित रूप से अंजाम दिया गया। अब तक कुल आठ आरोपियों में से छह को गिरफ्तार किया जा चुका है।
गिरफ्तार आरोपियों में सोनू संतोष जाधव, नागेश उर्फ सोनू हरिश्चंद्र गायकवाड, विशाल उर्फ वांग्या शिवाजी गायकवाड, सुमीत संजय जाधव, चंद्रकांत गंगाधर जाधव और अरविंद उर्फ भोल्या ज्ञानेश्वर पाटोळे का समावेश है।
जांच में यह भी स्पष्ट हुआ कि आरोपियों का पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड रहा है और उन्होंने इससे पहले भी संगठित होकर जालना जिले में गंभीर अपराध किए हैं। इसी पृष्ठभूमि में जांच अधिकारी अनंत कुलकर्णी ने पुलिस अधीक्षक जालना अजय कुमार बंसल के माध्यम से विशेष पुलिस महानिरीक्षक औरंगाबाद विरेंद्र मिश्र को मोक्का की धाराएं 3(1)(i), 3(2) और 3(4) लागू करने का प्रस्ताव भेजा था।
विशेष पुलिस महानिरीक्षक विरेंद्र मिश्र की मंजूरी के बाद उक्त अपराध में मोक्का की धाराएं विधिवत लागू कर दी गई हैं। मोक्का लगाए जाने के पश्चात इस प्रकरण की आगे की जांच भी उपविभागीय पुलिस अधिकारी अनंत कुलकर्णी ही कर रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि उपविभाग जालना में चालू वर्ष के दौरान मोक्का के तहत यह तीसरी बड़ी कार्रवाई है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि यदि आदतन अपराधियों द्वारा भविष्य में भी गंभीर अपराध किए जाते हैं, तो उनके खिलाफ मोक्का के तहत कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अजय कुमार बंसल और अपर पुलिस अधीक्षक आयुष नोपाणी के मार्गदर्शन में संपन्न हुई। कार्रवाई में उपविभागीय पुलिस अधिकारी अनंत कुलकर्णी, पुलिस निरीक्षक स्थागुशा जालना पंकज जाधव, पुलिस उपनिरीक्षक तालुका जालना एच. एस. राठोड सहित पुलिसकर्मी हारुन पठाण, महेश वांगे, रुस्तुम जैवाळ, जावेद शेख और संदीप चव्हाण ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
