अधिकृत नल कनेक्शन के बावजूद ₹7,500 की कथित वसूली, जालना मनपा की कार्यप्रणाली पर सवाल

जालना/कादरी हुसैन
जालना शहर महानगरपालिका के अंतर्गत अधिकृत नल कनेक्शन होने के बावजूद नागरिक से जबरन राशि वसूले जाने का गंभीर मामला सामने आया है। इस प्रकरण को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता साद बिन मुबारक, निवासी दुखी नगर, जालना ने जिल्हाधिकारी जालना तथा मनपा आयुक्त को लिखित शिकायत देकर निष्पक्ष जांच की मांग की है।
जानकारी के अनुसार काजीपुरा, टांगा स्टैंड, जालना निवासी नसीब शेख नसीर ने वर्ष 2023 में अपनी बहन रानी शेख नसीर शेख के नाम से भूखंड क्रमांक 3251 (क्षेत्रफल 17.40 वर्ग मीटर) की खरीदी की थी। यह संपत्ति पूर्व मालिक माणिक बबनराव राजहंस के नाम पर दर्ज थी और उसी नाम से अधिकृत नल कनेक्शन पहले से स्वीकृत एवं चालू है।
नामांतरण प्रक्रिया के लिए मनपा में पूछताछ करने पर संबंधित नागरिक को बताया गया कि टैक्स भुगतान के बिना नामांतरण संभव नहीं है। इसी दौरान, केवल एक अधिकृत नल कनेक्शन होने के बावजूद मनपा से जुड़े कर्मचारियों द्वारा ₹7,500 की राशि जमा करने का दबाव बनाया गया। आरोप है कि यह राशि भरने के बाद भी कुल ₹24,011 का संपूर्ण टैक्स भरने की बाध्यता बताई गई।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि अधिकृत नल कनेक्शन को अनधिकृत दर्शाकर कार्रवाई की गई और मानसिक दबाव बनाकर वसूली की गई। ₹7,500 की राशि फोनपे के माध्यम से जमा की गई है, जिसकी रसीद शिकायत के साथ संलग्न की गई है।
साद बिन मुबारक का आरोप है कि मनपा द्वारा नियुक्त एजेंसी बिना किसी ठोस जांच के शहरभर में अनधिकृत नल कनेक्शन के नोटिस जारी कर रही है, जिससे आम नागरिकों को अनावश्यक रूप से मनपा कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं और वे भ्रम व तनाव की स्थिति में हैं।
शिकायतकर्ता ने मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष और सख्त जांच कराई जाए, नागरिकों को परेशान करने वाली एजेंसी से तत्काल वसूली का अधिकार वापस लिया जाए तथा नामांतरण की प्रक्रिया लंबित रखने वाले नागरिकों को शीघ्र राहत प्रदान की जाए।
