पैठण के पास पाटेगांव में गोदावरी नदी से बोरे में बंधा अज्ञात शव बरामद, हत्या की आशंका

पैठण/सबदर कुरैशी
पैठण शहर से सटे पाटेगांव क्षेत्र में गोदावरी नदी के पात्र से एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है। शव को बोरे में बांधकर नदी के बहते पानी में फेंका गया था, जिससे यह मामला हत्या का होने की आशंका जताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही उपविभागीय पुलिस अधिकारी सुनील पाटिल, पुलिस निरीक्षक महादेव गोमारे, सहायक पुलिस निरीक्षक सी.पी. पवार, उपनिरीक्षक प्रमोद यादव, सहायक फौजदार सुधीर ओहोळ, पुलिस हवलदार नरेंद्र अंधारे, मुज्जू पठाण और भाऊसाहेब तांबे की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। सरकारी पंचों की उपस्थिति में अज्ञात शव का पंचनामा किया गया।
प्राथमिक जांच में मृतक की उम्र लगभग 50 वर्ष के आसपास होने का अनुमान है। पुलिस का मानना है कि पुरानी रंजिश के चलते इस व्यक्ति की हत्या की गई और सबूत मिटाने के उद्देश्य से शव को बोरे में बांधकर गोदावरी नदी के बहते पानी में फेंक दिया गया।
पैठण पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
