AurangabadBreaking News

पैठण: अल्पसंख्यक अधिकार दिवस के अवसर पर विविध कार्यक्रमों का आयोजन

पैठण/सबदर कुरैशी 

पैठण स्थित जिला परिषद प्राथमिक शाला (लड़के) में अल्पसंख्यक अधिकार दिवस के अवसर पर चित्रकला प्रतियोगिता, निबंध प्रतियोगिता एवं व्याख्यान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में अल्पसंख्यक अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।

इस अवसर पर जमाते इस्लामी हिंद, पैठण के तालुका अध्यक्ष एडवोकेट इमरान शेख ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए बताया कि अल्पसंख्यक किसे कहते हैं। उन्होंने भारत के संविधान में डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर द्वारा अल्पसंख्यकों को दिए गए मौलिक अधिकारों की जानकारी दी। साथ ही संयुक्त राष्ट्र संघ द्वारा वर्ष 1992 में अल्पसंख्यक अधिकारों को वैश्विक स्तर पर मान्यता दिए जाने और 18 दिसंबर को अल्पसंख्यक अधिकार दिवस के रूप में मनाए जाने के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला।

क्रीड़ा विभाग प्रमुख शमशेर पठाण ने बताया कि शासन द्वारा अल्पसंख्यक समाज के विद्यार्थियों के लिए उच्च शिक्षा छात्रवृत्ति योजना, स्वतंत्र शालाएं व महाविद्यालय, डॉ. जाकिर हुसैन मदरसा आधुनिकीकरण योजना, अल्पसंख्यक शालाओं के लिए पायाभूत सुविधाएं तथा मौलाना आज़ाद आर्थिक विकास महामंडल के अंतर्गत उच्च शिक्षा एवं व्यवसाय के लिए ऋण योजनाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने अल्पसंख्यक समाज से इन शासकीय योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की।

कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्याध्यापक अंकुश गाढे ने की। उन्होंने प्रमुख अतिथियों का शॉल एवं पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया तथा कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों और सहभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button