जालना महानगरपालिका चुनाव की तैयारी: कांग्रेस के इच्छुक उम्मीदवारों के साक्षात्कार संपन्न

जालना/कादरी हुसैन
आगामी जालना महानगरपालिका चुनावों की पृष्ठभूमि में कांग्रेस पार्टी की ओर से इच्छुक उम्मीदवारों के साक्षात्कार पाठक मंगल कार्यालय में संपन्न हुए। इस दौरान पार्टी नेतृत्व ने प्रत्येक उम्मीदवार से उनके वार्ड से जुड़ी विकास योजनाओं, स्थानीय समस्याओं की समझ, जनता से संपर्क की रणनीति और संगठनात्मक अनुभव को लेकर विस्तार से चर्चा की।
साक्षात्कार प्रक्रिया में उम्मीदवारों को कांग्रेस की विचारधारा, संविधानिक मूल्यों और जनकल्याणकारी नीतियों को आम नागरिकों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने के निर्देश दिए गए। जनता से सीधा संवाद स्थापित कर विश्वास अर्जित करने, जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत करने तथा पार्टी की नीतियों और उद्देश्यों को घर-घर तक ले जाने पर विशेष जोर दिया गया।
कांग्रेस नेतृत्व ने स्पष्ट किया कि इस प्रक्रिया का उद्देश्य ऐसे सक्षम, जनप्रिय और विचारधारा के प्रति प्रतिबद्ध उम्मीदवारों का चयन करना है, जो नगर के विकास और नागरिक सुविधाओं के लिए मजबूती से आवाज उठा सकें।
इस अवसर पर जालना जिला प्रभारी अशोक पाटील निलंगेकर, प्रदेश उपाध्यक्ष राजेंद्र राख, प्रदेश उपाध्यक्ष कल्याण दळे, जालना जिलाध्यक्ष राजाभाऊ देशमुख, जालना शहराध्यक्ष अतिक शेख, कांग्रेस नेता रशीद पहलवान, संजय शेठ मुथ्था, बदर चाऊस, तालुका अध्यक्ष कृष्णा पडुळ, महिला जिलाध्यक्ष नंदा पवार सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
