Breaking NewsJalna

9 लाख रुपये की गांजा तस्करी का भंडाफोड़, तालुका जालना पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

जालना/कादरी हुसैन

विधानसभा व स्थानीय चुनावों के मद्देनज़र अवैध धंधों पर सख्त कार्रवाई के निर्देशों के तहत तालुका जालना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने गांजा तस्करी के एक मामले में 18 किलोग्राम गांजा जब्त करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जिसकी अनुमानित कीमत 9,00,000 रुपये बताई जा रही है।

दिनांक 21/12/2025 को तालुका जालना पुलिस स्टेशन की टीम पेट्रोलिंग पर थी। इसी दौरान गुप्त मुखबिर से सूचना मिली कि जालना शहर के मंठा चौफुली से अंबड चौफुली मार्ग पर, रेलवे ब्रिज के पास रेवगांव फाटा क्षेत्र में एक व्यक्ति अवैध रूप से गांजा बेचने के इरादे से आने वाला है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए अपराध खोज पथक को अलर्ट कर संबंधित स्थान पर जाल बिछाया गया।

सुबह करीब 4 बजे रेवगांव फाटा पर एक संदिग्ध युवक दिखाई दिया। उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई तो उसने अपना नाम भरत बाबासाहेब कासार, उम्र 25 वर्ष, निवासी शकुंतलानगर, मंठा चौफुली, जालना बताया। उसके पास मौजूद बैग के बारे में पूछने पर वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। कड़ी पूछताछ में उसने बैग में गांजा होने की बात स्वीकार की।

आरोपी को बैग सहित पुलिस स्टेशन तालुका जालना लाया गया। तलाशी के दौरान बैग से कुल 18 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी बाजार कीमत लगभग 9 लाख रुपये आंकी गई है। पूरा माल जब्त कर आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की गई है। इस मामले में पुलिस कर्मचारी वसंत धस की शिकायत पर आरोपी के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया है।

इस प्रकरण की जांच सहायक पुलिस निरीक्षक घनश्याम अंतरप कर रहे हैं। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अजय कुमार बंसल, अपर पुलिस अधीक्षक आयुष नोपाणी और उपविभागीय पुलिस अधिकारी अनंत कुलकर्णी के मार्गदर्शन में, पुलिस निरीक्षक संतोष साबळे तथा पुलिस टीम ने सफलतापूर्वक अंजाम दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button