जालना–मंठा हाईवे पर होटल साईच्छा में देह व्यापार का पर्दाफाश, ₹92,900 का मुद्देमाल जब्त, तीन आरोपी गिरफ्तार

जालना/कादरी हुसैन
जालना–मंठा हाईवे रोड पर स्थित सावरगांव (ह.), तहसील व जिला जालना के शिवार में होटल साईच्छा में चल रहे अवैध देह व्यापार पर मौजपुरी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए छापा मारा है। इस कार्रवाई में पुलिस ने ₹92,900 का मुद्देमाल जब्त कर होटल मालिक, मैनेजर और एक ग्राहक को गिरफ्तार किया है।
दिनांक 24 दिसंबर 2025 को होटल साईच्छा में वेश्यावृत्ति चलने की गोपनीय जानकारी पुलिस को एक गुप्त मुखबिर के माध्यम से प्राप्त हुई थी। इस सूचना की जानकारी उपविभागीय पुलिस अधिकारी, परतूर को दी गई। सूचना की पुष्टि के लिए एक नकली ग्राहक तैयार कर दो पंचों की मौजूदगी में रेड की पूरी कार्यवाही की योजना बनाई गई।
पूर्वनिर्धारित संकेत मिलते ही उपविभागीय पुलिस अधिकारी, परतूर की उपस्थिति में मौजपुरी पुलिस ने होटल साईच्छा में छापा मारा। छापेमारी के दौरान होटल मालिक सुधाकर हरिभाऊ यादव, निवासी सोनल नगर, जुना जालना, होटल मैनेजर ज्ञानेश्वर प्रभाकर शेजुल, निवासी रामनगर, जालना तथा एक ग्राहक मौके पर पाए गए। होटल की लॉजिंग की जांच के दौरान दो पीड़ित महिलाएं भी बरामद की गईं।
पुलिस ने मौके से ₹92,900 नकद जब्त करते हुए होटल मालिक, मैनेजर और ग्राहक को हिरासत में लिया। इस प्रकरण में पुलिस थाना मौजपुरी में अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम, 1956 की धारा 3, 4, 5 एवं 6 के अंतर्गत अपराध दर्ज किया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां न्यायालय ने तीन दिन की पुलिस हिरासत मंजूर की है।
यह संपूर्ण कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अजयकुमार बंसल, अपर पुलिस अधीक्षक आयुष नोपाणी तथा उपविभागीय पुलिस अधिकारी रामेश्वर रेंगे के मार्गदर्शन में की गई।
कार्रवाई में सहायक पुलिस निरीक्षक अतुल पाटील (प्रभारी, मौजपुरी पुलिस थाना), सहायक पुलिस उपनिरीक्षक ज्ञानोबा बिरादार, पुलिस हेड कांस्टेबल राजेंद्र देशमुख, नितीन खरात, सतीश गोफणे, मच्छिद्र वाघ, भास्कर वाघ, भगवान खरात, दादासाहेब हरणे, दिलीप गोडबोले, संजय चव्हाण, पुलिस कांस्टेबल धोंडीराम वाघमारे, महिला पुलिस कांस्टेबल ज्योती आवले, तथा पुलिस कांस्टेबल प्रदीप पाचरणे, प्रशांत म्हस्के, सदाशिव खैरे और कैलास शिवणकर ने सक्रिय भूमिका निभाई।
