Breaking NewsJalna

वली मामू दरगाह परिसर में दर्दनाक हादसा: कुंडलिका नदी किनारे पानी भरे गड्ढे में डूबने से दादी-पोते की मौत

जालना/कादरी हुसैन

जालना शहर में एक हृदयविदारक हादसे में 65 वर्षीय दादी और उनके 5 वर्षीय पोते की डूबने से मौत हो गई। यह घटना वली मामू दरगाह परिसर के पास कुंडलिका नदी किनारे खोदे गए गहरे गड्ढों में भरे पानी में गिरने से हुई। हादसा गुरुवार, 25 दिसंबर की देर शाम का है, जबकि इसकी जानकारी शुक्रवार, 26 दिसंबर सुबह सामने आई।

मृतकों की पहचान जनाबाई खरात (उम्र 65) और उनके पोते राज खरात (उम्र 5) के रूप में हुई है। दोनों जालना शहर के लोढ़ी मोहल्ला क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार, दादी और पोता कुंडलिका नदी के पास जलावन (लकड़ी) लेने गए थे, उसी दौरान यह दुखद दुर्घटना घटित हुई।

प्राथमिक जांच में सामने आया है कि नदी के किनारे पाइपलाइन बिछाने के लिए कई गहरे गड्ढे खोदे गए थे, जिनमें पानी भर गया था। आसपास घनी झाड़ियां, पेड़-पौधे और काई होने के कारण ये गड्ढे साफ दिखाई नहीं दे रहे थे, जिससे दोनों अनजाने में उसमें गिर पड़े और डूबने से उनकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही सदर बाजार पुलिस मौके पर पहुंची और अग्निशमन दल को बुलाया गया। अग्निशमन दल प्रमुख माधव पानपट्टे के नेतृत्व में जवानों ने कड़ी मशक्कत के बाद पानी में जाल डालकर वृद्ध महिला का शव बाहर निकाला। बाद में बालक का शव भी बरामद किया गया।

पुलिस ने घटनास्थल पर पंचनामा कर दोनों शवों को जालना के शासकीय अस्पताल भेज दिया है। घटना की खबर फैलते ही घटनास्थल पर बड़ी संख्या में नागरिक जमा हो गए थे। इस दर्दनाक हादसे से पूरे इलाके में शोक की लहर है।

इस मामले की आगे की जांच सदर बाजार पुलिस द्वारा की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button