जालना: तेज़ रफ्तार ट्रक ने बाइक को कुचला: एक की मौके पर मौत, एक गंभीर; चालक ट्रक छोड़कर फरार

जालना/कादरी हुसैन
जालना–राजूर मार्ग पर गुरुवार रात एक भीषण सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा रात करीब 7:30 बजे बावणे पांगरी शिवार स्थित एक कुक्कुट पालन केंद्र के सामने हुआ, जब जालना से भोकरदन की ओर जा रहे एक तेज़ रफ्तार ट्रक ने सामने से आ रही मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मोटरसाइकिल पूरी तरह चकनाचूर हो गई। दुर्घटना में बाइक चालक सुखदेव रामचंद्र धोंगडे (उम्र 45 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पीछे बैठे कृष्णा श्रावण पवार (उम्र 32 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों मृतक व घायल चित्तोडा, तालुका बदनापूर के निवासी बताए जा रहे हैं।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। गंभीर रूप से घायल युवक को तत्काल जालना के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन को घटनास्थल पर छोड़कर फरार हो गया। दुर्घटना के चलते जालना–भोकरदन मार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। पुलिस ने मौके पर राहत कार्य करते हुए यातायात को नियंत्रित किया।
फरार ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी गई है और मामले की जांच जारी है।
