लोणार: कै. कु. दुर्गा क. बनमेरू विज्ञान महाविद्यालय में वीर बाल दिवस मनाया गया

लोणार/फिरदोस खान पठाण
कै. कु. दुर्गा क. बनमेरू विज्ञान महाविद्यालय, लोणार तथा कै. कमलाबाई बनमेरू विज्ञान, कला एवं वाणिज्य महिला महाविद्यालय, लोणार के संयुक्त तत्वावधान में शुक्रवार, दिनांक 26 दिसंबर 2025 को वीर बाल दिवस मनाया गया।
इस अवसर पर सिख धर्म के दसवें गुरु, गुरु गोविंद सिंह जी के चार सुपुत्रों द्वारा सत्य और धर्म की रक्षा के लिए दिए गए बलिदान को याद किया गया। उनके त्याग और साहस को समाज, विशेषकर युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणादायी बताया गया तथा सत्य के मार्ग पर दृढ़ रहने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. प्रकाश द्वारा गुरु गोविंद सिंह जी के चारों सुपुत्रों की प्रतिमा के पूजन से हुई। प्राचार्य ने विद्यार्थियों को मार्गदर्शन देते हुए कहा कि जीवन में सत्य और साहस के साथ आगे बढ़ना ही सफलता का मार्ग है। विद्यार्थियों को निर्भीक बनकर अपने सपनों को साकार करने का आह्वान किया गया।
वीर बाल दिवस के उपलक्ष्य में विद्यार्थियों के भीतर छिपी प्रतिभाओं को सामने लाने और उनमें आत्मविश्वास व धैर्य विकसित करने के उद्देश्य से विभिन्न उपक्रम आयोजित किए गए। इनमें शौर्यगाथाओं पर आधारित पोस्टर निर्माण, उन पर प्रेरणादायी घोषवाक्य लेखन तथा ऑनलाइन पद्धति से प्रश्नमंजूषा प्रतियोगिता का आयोजन शामिल रहा।
इस अवसर पर संस्था की अध्यक्षा सौले मैडम एवं संस्था के सचिव डॉ. संतोष ने विद्यार्थियों को जीवन में निर्भीक रहकर अपने लक्ष्य प्राप्त करने के लिए शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के शिक्षक, शिक्षकेतर कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
