Breaking NewsJalna

जालना में गरीब शाह बाबा कब्रस्तान मार्ग पर अतिक्रमण के खिलाफ सख्त कार्रवाई, आदेशों की अवहेलना पर पांच ठेला चालकों पर FIR

जालना/कादरी हुसैन

जालना शहर में सार्वजनिक मार्गों पर अतिक्रमण, गंदगी और यातायात बाधा को लेकर जिला प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। इसी कड़ी में सदर बाजार थाना क्षेत्र के सुभाष चौक स्थित गरीब शाह बाबा बाजार मार्ग पर नियमों की अनदेखी करने वाले पांच ठेला चालकों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

लगभग पंद्रह दिन पूर्व जिलाधिकारी एवं महानगरपालिका आयुक्त अशीमा मित्तल द्वारा गरीब शाह बाबा कब्रस्तान परिसर का निरीक्षण किया गया था। निरीक्षण के दौरान स्पष्ट निर्देश दिए गए थे कि कब्रस्तान की दीवार से सटी सड़क पर लगाए गए जूते-चप्पल, फूल, पानीपुरी, रगड़ा सहित सभी अवैध ठेले तुरंत हटाए जाएं और सार्वजनिक मार्गों पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

इन निर्देशों के पालन में अतिरिक्त आयुक्त अर्जुन गिराम, उपायुक्त नंदा गायकवाड़ और सहायक आयुक्त सुप्रिया चव्हाण के नेतृत्व में 26 दिसंबर 2025 को अतिक्रमण निर्मूलन पथक ने कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान यह सामने आया कि पांच जूते-चप्पल ठेला चालक सड़क पर अवैध रूप से व्यवसाय कर रहे थे।

जांच में यह भी पाया गया कि संबंधित ठेला चालक सिंगल यूज प्लास्टिक थैलियों को एकत्र कर सार्वजनिक सड़क पर जलाते थे, जिससे पर्यावरण को नुकसान, सार्वजनिक स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव और यातायात में गंभीर अवरोध उत्पन्न हो रहा था। बार-बार चेतावनी दिए जाने के बावजूद आदेशों की अवहेलना जारी रहने पर अतिक्रमण पथक प्रमुख बी.सी. राठोड और अतिक्रमण विभाग के अधिकारी शामसन छबुराव कसबे द्वारा कार्रवाई की गई।

शामसन कसबे की शिकायत के आधार पर सदर बाजार पुलिस स्टेशन, जालना में FIR क्रमांक 1105/2025 दर्ज की गई है। यह मामला भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 223 और 272 के अंतर्गत पंजीबद्ध किया गया है। मामले की जांच हेड कांस्टेबल शिवहरी किसानराव दिघोले को सौंपी गई है।

प्रशासन ने दो टूक चेतावनी दी है कि भविष्य में यदि कोई भी व्यक्ति सड़क पर अवैध रूप से ठेले लगाकर व्यवसाय करता पाया गया, तो उसके खिलाफ कड़ी और दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। विशेष रूप से पानीपुरी, रगड़ा, कपड़े, जूते-चप्पल और फूलों के ठेलों पर नियमों के अनुसार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button