लोणार कांग्रेस में भूचाल: मोहम्मद तौफिक कुरैशी ने कांग्रेस को कहा अलविदा

लोणार/फिरदोस खान पठाण
लोणार कांग्रेस में उस समय बड़ा राजनीतिक घटनाक्रम सामने आया, जब भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के वरिष्ठ कार्यकर्ता और लोणार तालुका अल्पसंख्यांक कांग्रेस के अध्यक्ष मोहम्मद तौफिक कुरैशी ने अपने पद और पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया।
इस्तीफे के बाद मोहम्मद तौफिक कुरैशी ने कहा कि वे कई वर्षों से कांग्रेस पार्टी के सक्रिय और निष्ठावान कार्यकर्ता के रूप में जमीनी स्तर पर ईमानदारी से कार्य करते आ रहे हैं। उनके परिवार ने भी हमेशा पार्टी के लिए समय, ऊर्जा और सामाजिक प्रतिष्ठा समर्पित की है। उनके पिता लोणार ग्रामपंचायत के सरपंच रहे हैं और उन्होंने कांग्रेस में विभिन्न पदों पर कार्य किया है। स्वयं तौफिक कुरैशी ने 18 वर्ष की उम्र से कांग्रेस के कट्टर समर्थक के रूप में विरोधियों के खिलाफ खुलकर संघर्ष किया और पार्टी के लिए कई जिम्मेदार पदों पर काम किया।
उन्होंने कहा कि हाल ही में संपन्न लोणार नगर परिषद चुनाव में वार्ड क्रमांक 1 से उन्हें कांग्रेस का अधिकृत उम्मीदवार घोषित किया गया था। इसके बावजूद, जिस तरह की राजनीति इस चुनाव में हुई, वैसी न तो उन्होंने कभी देखी और न ही अपेक्षा की थी। आरोप है कि कांग्रेस के ही कुछ स्थानीय पदाधिकारियों और नेताओं ने आपसी साठगांठ कर अपक्ष उम्मीदवारों को आर्थिक सहायता प्रदान की और उन्हें पराजित करने की साजिश रची, जिसमें वे सफल भी रहे।
मोहम्मद तौफिक कुरैशी ने कहा कि वर्ष 1994 से वे समाज में एकता बनाए रखते हुए कांग्रेस को मजबूत करने का कार्य करते रहे हैं, लेकिन इस चुनाव में हुई हार उनके साथ किया गया अन्याय है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जो लोग गद्दार प्रवृत्ति के हैं, उनके साथ आगे रहना उनके लिए संभव नहीं है। इसी नैतिक जिम्मेदारी को स्वीकार करते हुए उन्होंने अपने पद और पार्टी की सदस्यता से इस्तीफा देने का निर्णय लिया।
उन्होंने अपना इस्तीफा महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल, महाराष्ट्र प्रदेश अल्पसंख्यांक कांग्रेस के अध्यक्ष वजाहत मिर्जा और बुलढाणा जिला कांग्रेस कमिटी अल्पसंख्यांक विभाग के अध्यक्ष एडवोकेट मोहम्मद मोहतशाम रज़ा को भेज दिया है।
