AurangabadBreaking NewsSports–Education–Health

मुख्यमंत्री “माझी शाळा सुंदर शाळा” योजना के अंतर्गत पैठण स्थित जिला परिषद बालक विद्यालय का केंद्रीय स्तर पर मूल्यांकन

पैठण/सबदर कुरैशी 

मुख्यमंत्री “माझी शाळा सुंदर शाळा” योजना के चरण क्रमांक 03 के अंतर्गत जिला परिषद बालक विद्यालय, पैठण में केंद्रीय स्तरीय मूल्यांकन पथक द्वारा निरीक्षण और जांच की गई। इस दौरान विद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता, भौतिक सुविधाओं और विभिन्न शैक्षणिक व सहशैक्षणिक गतिविधियों का विस्तृत आकलन किया गया।

केंद्रीय मूल्यांकन पथक में जिला परिषद केंद्रीय उच्च प्राथमिक विद्यालय, नवगांव के मुख्याध्यापक संजय लसगरे, जिला परिषद प्राथमिक विद्यालय आवडे–उंचेगांव के मुख्याध्यापक अर्जुन थोरे, शालेय पोषण आहार प्रमुख पांडुरंग नाचन, ए. व्ही. उईके, शहाजी दूधभाते और संदीप डमाळ शामिल थे। इस अवसर पर पैठण क्रमांक 02 केंद्र के केंद्रप्रमुख ज्ञानेश्वर वाडेकर भी उपस्थित रहे।

मूल्यांकन के दौरान विद्यालय की समग्र स्थिति, निरंतर प्रगति तथा यहां संचालित नवाचारपूर्ण उपक्रमों को देखकर पथक ने संतोष व्यक्त किया। नवोदय और एनएमएस छात्रवृत्ति योजनाओं में विद्यार्थियों की भागीदारी, छात्रवृत्ति के लिए पात्र विद्यार्थियों की संख्या, चालू शैक्षणिक वर्ष में 102 नए विद्यार्थियों का प्रवेश, खेलकूद और कला क्षेत्र में विद्यार्थियों की उपलब्धियां, भौतिक सुविधाएं तथा विद्यालय में विकसित की गई परसबाग (किचन गार्डन) का भी अवलोकन किया गया।

मूल्यांकन पथक ने विद्यालय के शिक्षकों द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना की और उन्हें शुभकामनाएं दीं। पथक ने आशा व्यक्त की कि जिला परिषद बालक विद्यालय, पैठण भविष्य में भी शासन की विभिन्न योजनाओं और शैक्षणिक उपक्रमों में अग्रणी भूमिका निभाता रहेगा।

इस अवसर पर पथक में शामिल मान्यवरों के शुभहस्ते वृक्षारोपण किया गया। वहीं विद्यार्थियों ने तालियों की गूंज के बीच शॉल और पुष्पगुच्छ भेंट कर अतिथियों का स्वागत किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button