लर्निंग ड्राइविंग लाइसेंस के नाम पर ठगी करने वाला फर्जी वेबसाइट गिरोह का मुख्य आरोपी बिहार से गिरफ्तार

जालना/कादरी हुसैन
जालना जिले में लर्निंग ड्राइविंग लाइसेंस उपलब्ध कराने के नाम पर फर्जी वेबसाइट बनाकर नागरिकों से आर्थिक ठगी करने वाले गिरोह के मुख्य आरोपी को बिहार राज्य से गिरफ्तार किया गया है। यह कार्रवाई जालना की स्थानीय अपराध शाखा और साइबर पुलिस थाना की संयुक्त टीम ने की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, उप प्रादेशिक परिवहन अधिकारी कार्यालय जालना में कार्यरत सहायक मोटर वाहन निरीक्षक अभिजीत कडूबा बावस्कर ने 26 नवंबर 2025 को साइबर पुलिस थाना, जालना में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि अज्ञात आरोपी फर्जी वेबसाइट के माध्यम से सरकारी कंप्यूटर प्रणाली में अनधिकृत प्रवेश कर नागरिकों को नकली लर्निंग ड्राइविंग लाइसेंस उपलब्ध करा रहे हैं और उनसे पैसे वसूल रहे हैं।
शिकायत के आधार पर साइबर पुलिस थाना, जालना में अपराध क्रमांक 23/2025 दर्ज किया गया। इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4), 336(2)(3), 340(2) तथा आईटी एक्ट की धारा 43(1)(B)(H), 66(C)(D), 72, 72(A) सहित मोटर वाहन अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अजयकुमार बंसल और अपर पुलिस अधीक्षक आयुष नोपाणी के मार्गदर्शन में स्थानीय अपराध शाखा और साइबर पुलिस की विशेष टीम गठित की गई। जांच के दौरान यह सामने आया कि मुख्य आरोपी बिट्टराज प्रमोद यादव (उम्र 24 वर्ष, निवासी टेंगराहा, जिला सहरसा, बिहार) लगातार अपना ठिकाना बदल रहा था ताकि पुलिस की पकड़ से बच सके।
लगातार तकनीकी विश्लेषण और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम 23 दिसंबर 2025 को बिहार रवाना हुई। पटना, सिमरी बख्तियारपुर और सहरसा जिलों में सघन तलाश अभियान चलाया गया। सहरसा जिला पुलिस और वहां की साइबर पुलिस टीम के सहयोग से आरोपी को हिरासत में लिया गया।
पुलिस ने आरोपी के पास से अपराध में प्रयुक्त लैपटॉप, आईफोन, थंब मशीन सहित लगभग 1 लाख 46 हजार रुपये का कीमती सामान जब्त किया है। गिरफ्तार आरोपी को 28 दिसंबर 2025 को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे 4 दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया।
इस मामले में इससे पहले जम्मू-कश्मीर निवासी फैसल बशीर मीर (उम्र 24 वर्ष) और जालना निवासी मुजाहिद उर्फ डॉन रईसोद्दीन अंसारी (उम्र 32 वर्ष) को भी गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस द्वारा इस गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश और ठगी के दायरे की जांच जारी है।
यह संपूर्ण कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अजयकुमार बंसल, अपर पुलिस अधीक्षक आयुष नोपाणी, सहरसा जिला पुलिस अधीक्षक हिमांशु, साइबर पुलिस थाने के उप पुलिस अधीक्षक अजित कुमार और उपविभागीय पुलिस अधिकारी अनंत कुलकर्णी के मार्गदर्शन में स्थानीय अपराध शाखा और साइबर पुलिस थाने की टीम द्वारा सफलतापूर्वक अंजाम दी गई।
