Breaking NewsJalnaSports–Education–Health

डायबिटीज को “क्लीन बोल्ड” करने रैम्प पर उतरी डॉक्टरों की टीम, जागरूकता से ही बचाव संभव

जालना/कादरी हुसैन 

डायबिटीज आज एक गंभीर महामारी का रूप ले चुकी है और आने वाली पीढ़ियों को इस “साइलेंट किलर” से बचाने के लिए व्यापक जनजागरूकता बेहद आवश्यक हो गई है। इसी उद्देश्य से आस्था फाउंडेशन की ओर से आयोजित मेगा डायबिटीज उन्मूलन महोत्सव में स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों को डायबिटीज से बचाव के प्रभावी उपायों की जानकारी दी।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉक्टर दिवाकर तेजस्वी ने कहा कि देश में लगभग 16 करोड़ लोग डायबिटीज से पीड़ित हैं, जबकि करीब 10 करोड़ लोग इसके खतरे के मुहाने पर खड़े हैं। यह स्थिति अत्यंत चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि नियमित वॉक, संतुलित आहार और तनावमुक्त जीवनशैली अपनाकर डायबिटीज को काफी हद तक रोका जा सकता है।

प्रसिद्ध डायबेटोलॉजिस्ट डॉक्टर कुमार अंगद ने बताया कि आज हर दस में से सात लोग किसी न किसी रूप में डायबिटीज की चपेट में हैं, जिसका प्रमुख कारण मोटापा और तनावपूर्ण जीवनशैली है। वहीं यूरोलॉजिस्ट डॉक्टर निखिल चौधरी ने कहा कि यदि परिवार में किसी को डायबिटीज है तो अन्य सदस्यों को विशेष सतर्कता बरतनी चाहिए, क्योंकि यह बीमारी आनुवांशिक भी हो सकती है।

स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉक्टर नीता नाथ ने महिलाओं में बढ़ती डायबिटीज पर चिंता जताते हुए कहा कि गर्भावस्था के दौरान डायबिटीज होने से होने वाले बच्चे पर भी गंभीर खतरा उत्पन्न हो सकता है, इसलिए समय पर जांच और जागरूकता जरूरी है।

लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से कार्यक्रम में डॉक्टरों की एक टीम रैम्प पर उतरी। डॉक्टरों ने हाथों में हरी सब्जियां, पालक, गाजर और मूली लेकर यह संदेश दिया कि स्वस्थ और प्राकृतिक आहार अपनाकर डायबिटीज से बचा जा सकता है। यह अनोखा प्रयास लोगों के बीच आकर्षण और जागरूकता का केंद्र बना।

कार्यक्रम का सफल संचालन मशहूर एंकर जीशान आलम ने किया, जिनकी ऊर्जावान एंकरिंग ने पूरे माहौल में उत्साह भर दिया। आयोजन की सफलता में सिंगर राज रौशन, राहुल कुमार और मनोज कुमार के साथ-साथ बैद्यनाथ आयुर्वेद, वास्तु बिहार, सत्यदेव सुपरस्पेशलिटी, रूवन, बालमुकुंद और विजय टीएमटी का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

कार्यक्रम के अंत में छोटे बच्चों की मनमोहक डांस प्रस्तुति ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। अंत में आस्था फाउंडेशन की चेयरमैन निक्की सिंह और किड्जी की प्रिंसिपल चंदना गुप्ता ने धन्यवाद ज्ञापन कर सभी का आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button