सोमवार को जालना महानगरपालिका चुनाव में 252 नामांकन दाखिल, भाजपा की संगीता व अक्षय गोरियंटाल मैदान में

जालना/कादरी हुसैन
जालना महानगरपालिका चुनाव की नामांकन प्रक्रिया अब अंतिम चरण में पहुंच चुकी है और इसके साथ ही चुनावी सरगर्मी तेज होती जा रही है। चुनाव कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार सोमवार को एक ही दिन में कुल 252 उम्मीदवारों ने अपने नामांकन पत्र दाखिल किए। इसके साथ ही अब तक दाखिल नामांकन की कुल संख्या 300 तक पहुंच गई है, जबकि नामांकन पत्रों की बिक्री का आंकड़ा 3,023 के पार चला गया है।
इसी दौरान भारतीय जनता पार्टी की ओर से माजी नगराध्यक्ष संगीता गोरियंटाल और भाजपा नेता अक्षय गोरियंटाल ने अपने नामांकन दाखिल कर चुनावी मैदान में औपचारिक रूप से कदम रखा। उनके नामांकन के साथ ही भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
चुनाव प्रशासन ने बताया कि नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 30 दिसंबर निर्धारित की गई है। इस दिन दोपहर 2 बजे तक नामांकन पत्रों की बिक्री और दोपहर 3 बजे तक भरे हुए नामांकन पत्र स्वीकार किए जाएंगे। प्रशासन ने उम्मीदवारों से समय सीमा का पालन करने की अपील की है।
नामांकन प्रक्रिया के अंतिम दिनों में बढ़ती संख्या को देखते हुए जालना में चुनावी माहौल और अधिक गर्म होता नजर आ रहा है। आगामी दिनों में विभिन्न राजनीतिक दलों और उम्मीदवारों की गतिविधियां और तेज होने की संभावना जताई जा रही है।
