ग्रांट रोड के व्यापारी से ‘AL-KHAIR BAIT UL MAAL’ के नाम पर साइबर ठगी, ब्याज-मुक्त लोन का झांसा देकर 55 हज़ार उड़ाए

जालना/कादरी हुसैन
मुंबई के ग्रांट रोड (पूर्व) इलाक़े में एक व्यापारी के साथ ऑनलाइन साइबर ठगी का संगीन मामला सामने आया है, जहाँ ठगों ने खुद को AL-KHAIR BAIT UL MAAL Co-operative Credit Society Ltd. से जुड़ा बताकर ब्याज-मुक्त लोन देने का झांसा दिया और अलग-अलग बहानों से कुल ₹55,114 की रकम ऐंठ ली।
मिली जानकारी के मुताबिक़ नवन कमर्शियल सोसायटी, ऑफिस नंबर 1437, ग्रांट रोड (पूर्व), मुंबई-400008 निवासी व्यापारी शम्सुद्दीन नासिरुद्दीन शेख को मोबाइल नंबर 7679277760 से कॉल आया। कॉल करने वाले शख़्स ने अपना नाम सद्दाम हुसैन बताते हुए खुद को उक्त क्रेडिट सोसायटी का नुमाइंदा बताया। इसके बाद कॉल को कथित ब्रांच मैनेजर एम.डी. रिज़वान अहमद (सीनियर मैनेजर, ID No. 001) से कनेक्ट किया गया।
ठगों ने ई-मेल और दस्तावेज़ों के ज़रिये भी AL-KHAIR BAIT UL MAAL Co-operative Credit Society Ltd. का नाम, लोगो और हेल्पलाइन नंबर दिखाकर भरोसा कायम किया। पीड़ित का असली बैंक खाता यूनियन बैंक ऑफ इंडिया में वर्ष 2004 से तारापोरेवाला एंटरप्राइज़ेज के नाम से चल रहा है, जिसके वे ख़ुद प्रोप्राइटर हैं। इस पूरे मामले में यूनियन बैंक ऑफ इंडिया का कोई ताल्लुक़ नहीं है, बल्कि क्रेडिट सोसायटी के नाम और पहचान का गलत इस्तेमाल कर ठगी को अंजाम दिया गया।
ठगों के कहने पर पीड़ित ने 5 जनवरी 2026 को UPI के ज़रिये पहले प्रोसेसिंग फ़ीस के नाम पर ₹1,750, फिर इंश्योरेंस अमाउंट के नाम पर ₹18,564 और आख़िर में टीडीएस के नाम पर ₹34,800 ट्रांसफर किए। रकम भेजने के बाद न तो कोई लोन मिला और न ही आरोपियों से संपर्क हो सका, जिससे पूरे फ़रेब का पर्दाफ़ाश हुआ।
पीड़ित ने इस बाबत मुंबई के नागपाड़ा पुलिस स्टेशन स्थित साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई है। ऑनलाइन साइबर क्राइम शिकायत संख्या 31901260004259 दर्ज की गई है। पीड़ित ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि AL-KHAIR BAIT UL MAAL Co-operative Credit Society Ltd. के नाम पर ठगी करने वाले आरोपियों, मोबाइल नंबर 7679277760 और इससे जुड़े UPI व बैंक खातों की गहन तहक़ीक़ात कर सख़्त क़ानूनी कार्रवाई की जाए।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि ब्याज-मुक्त लोन जैसे लुभावने ऑफ़रों से होशियार रहें, किसी भी अनजान बैंक या क्रेडिट सोसायटी के नाम पर पैसे ट्रांसफर न करें और साइबर ठगी की किसी भी सूरत में फ़ौरन 1930 हेल्पलाइन या cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं।
