मनपा मुर्गी तालाब स्कूल के विद्यार्थियों ने साप्ताहिक बाजार में चलाया मतदान जनजागरण अभियान

जालना/कादरी हुसैन
लोकतंत्र को सशक्त बनाने और मतदान प्रतिशत बढ़ाने के उद्देश्य से जिल्हाधिकारी तथा महानगरपालिका आयुक्त अशिमा मित्तल के मार्गदर्शन में SVEEP (Systematic Voters’ Education and Electoral Participation) कार्यक्रम के तहत निरंतर जनजागरण अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में महानगरपालिका क्षेत्र की शालाओं में पत्रलेखन, घोषवाक्य, रंगोली, प्रभात फेरी, चित्रकला व पोस्टर प्रतियोगिता, हस्ताक्षर अभियान जैसे विविध उपक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।
इसी कड़ी में मनपा प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालय, मुर्गी तालाब, जालना के विद्यार्थियों ने जवाहर बाग स्थित साप्ताहिक बाजार में मतदान जनजागरण किया। यह अभियान मुख्याध्यापिका व प्रशिक्षण आयुक्त (गा.) अख्तर जहाँ कुरैशी के मार्गदर्शन में, विद्यालय के शिक्षकगण, स्काउट्स-गाइड्स दल के विद्यार्थी तथा SVEEP टीम के सहयोग से आयोजित किया गया।
अभियान के दौरान विद्यार्थियों ने बाजार में उपस्थित नागरिकों से शत-प्रतिशत मतदान करने की अपील की। साथ ही लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए अपने मताधिकार का उपयोग करने और योग्य उम्मीदवार को चुनने का संदेश दिया। इस अवसर पर नागरिकों को मतदान शपथ भी दिलाई गई।
कार्यक्रम में जालना शहर महानगरपालिका की SVEEP टीम प्रमुख प्रमिला मोरे, अनिता चंद्रहास, आशा गाढे, विलास खरात, मुख्याध्यापिका अख्तर जहाँ कुरैशी, शिक्षिकाएँ रेखा गायकवाड, शिरीन सामिना, ज्योती वाघ, शिक्षक अ. वहीद जावेद सहित विद्यार्थी बड़ी संख्या में उपस्थित थे।
