पत्रकार करुणाकर राम त्रिपाठी से अभद्रता का मामला; इंडियन जर्नलिस्ट एसोसिएशन ने जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन

जालना/कादरी हुसैन
महराजगंज जनपद के नगर पंचायत परतावल अंतर्गत वार्ड नंबर 6 आज़ाद नगर में कराए जा रहे कथित मानक-विहीन इंटरलॉकिंग कार्य को लेकर शिकायत करने वाले पत्रकार करुणाकर राम त्रिपाठी के साथ अभद्रता और धमकी दिए जाने का मामला सामने आया है। इस प्रकरण को लेकर इंडियन जर्नलिस्ट एसोसिएशन की ओर से जिलाधिकारी महराजगंज को ज्ञापन सौंपकर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की गई है।
जानकारी के अनुसार इंडियन जर्नलिस्ट एसोसिएशन के जिला प्रवक्ता एवं पत्रकार करुणाकर राम त्रिपाठी ने आज़ाद नगर में वार्ड सभासद के दरवाजे से होते हुए रामपुर चौबे रोड तक किए जा रहे इंटरलॉकिंग कार्य में अनियमितताओं को लेकर मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप है कि संबंधित जेई द्वारा वास्तविक स्थल की बजाय किसी अन्य स्थान पर कराए गए नाली व इंटरलॉकिंग कार्य की तस्वीरें अपलोड कर जल्दबाजी में शिकायत का निस्तारण कर दिया गया।
इस पर पत्रकार करुणाकर राम त्रिपाठी ने दोबारा सही स्थल की जांच की मांग करते हुए शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के करीब एक सप्ताह बाद नगर पंचायत के बड़े बाबू निसार खान ने फोन कर उन्हें मौके पर बुलाया। जब पत्रकार करुणाकर राम त्रिपाठी अपने साथी पत्रकार अमित मिश्रा के साथ स्थल पर पहुंचे, तो वहां मौजूद संबंधित जेई कथित रूप से उन पर भड़क उठे। गलत आख्या और फोटो दिखाने पर जेई ने अपलोडिंग में गलती होने की बात कही।
इसी दौरान वार्ड सभासद प्रतिनिधि साहेब रॉय मौके पर पहुंचे और पत्रकार करुणाकर राम त्रिपाठी से कथित रूप से अभद्र भाषा में बात करते हुए धमकी भरे लहजे में पेश आए। इस घटना से पत्रकारों में रोष व्याप्त है।
उक्त मामले को गंभीरता से लेते हुए इंडियन जर्नलिस्ट एसोसिएशन महराजगंज की टीम ने जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा को लिखित ज्ञापन सौंपकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
ज्ञापन सौंपने के दौरान जिला प्रवक्ता करुणाकर राम त्रिपाठी, जिला कार्यकारिणी सदस्य अमित मिश्रा, तहसील उपाध्यक्ष महेश विश्वकर्मा, तहसील मीडिया प्रभारी राम आशीष विश्वकर्मा सहित अन्य पत्रकार उपस्थित रहे।
