सात दिन का कटा वेतन मंजूर कराने के बदले 4 हजार की रिश्वत लेते वरिष्ठ सहायक रंगेहाथ गिरफ्तार, एसीबी जालना की बड़ी कार्रवाई

जालना / कादरी हुसैन
जालना जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने सख्त कार्रवाई करते हुए जिला परिषद जालना के जिला स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत एक वरिष्ठ सहायक को रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी सात दिन का कटा हुआ वेतन मंजूर कराने के बदले रिश्वत की मांग कर रहा था।
गिरफ्तार आरोपी का नाम सुनील काशीनाथ खंदाडे (उम्र 54 वर्ष) है। वह वरिष्ठ सहायक (वर्ग-3) के पद पर जिला स्वास्थ्य विभाग, जिला परिषद जालना में कार्यरत है। उसका निवास वार्ड क्रमांक 10, रामनगर, श्री जोशी के मकान में किराये से, तहसील चिखली, जिला बुलढाणा बताया गया है।
एसीबी से मिली जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता एक चिकित्सा अधिकारी है। अक्टूबर 2025 में शिकायतकर्ता सहित अन्य चिकित्सा अधिकारियों के वेतन से जिला स्वास्थ्य विभाग जालना कार्यालय द्वारा सात दिनों का वेतन काट लिया गया था। उक्त कटा हुआ वेतन निकलवाने के लिए आरोपी सुनील खंदाडे ने प्रत्येक अधिकारी से 5,000 रुपये रिश्वत की मांग की थी।
रिश्वत देने की इच्छा न होने पर शिकायतकर्ता ने 12 जनवरी 2026 को लाचलुचपत प्रतिबंधक विभाग (एसीबी) जालना कार्यालय में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पंचों की मौजूदगी में उसी दिन रिश्वत मांग की पुष्टि (वेरिफिकेशन) की गई, जिसमें आरोपी द्वारा रिश्वत मांगने और स्वीकार करने की सहमति की पुष्टि हुई।
इसके बाद 12 जनवरी 2026 को दोपहर 1 बजकर 59 मिनट पर एसीबी की टीम ने जाल बिछाकर कार्रवाई की। इस दौरान आरोपी ने जिला स्वास्थ्य विभाग, जिला परिषद जालना स्थित अपने कार्यालय कक्ष में शिकायतकर्ता से 4,000 रुपये रिश्वत स्वीकार की। इसी समय पुलिस निरीक्षक शरदचंद्र रोडगे और एसीबी जालना की टीम ने उसे रंगेहाथ पकड़ लिया।
आरोपी की तलाशी लेने पर रिश्वत की राशि 4,000 रुपये के अलावा 700 रुपये नकद और रेडमी कंपनी का एक मोबाइल फोन बरामद किया गया। आरोपी के खिलाफ पुलिस थाना कदीम जालना में मामला दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक श्रीमती माधुरी केदार कांगणे और अपर पुलिस अधीक्षक शशिकांत सिंगारे, एंटी करप्शन ब्यूरो छत्रपति संभाजीनगर के मार्गदर्शन में की गई। कार्रवाई का पर्यवेक्षण उप पुलिस अधीक्षक बालासाहेब संपतराव जाधवर (एसीबी जालना) ने किया। जाल अधिकारी के रूप में पुलिस निरीक्षक शरदचंद्र रोडगे और सहायक जाल अधिकारी कोमल शिंदे ने अपनी टीम के साथ इस कार्रवाई को अंजाम दिया।
इस कार्रवाई में एसीबी जालना के अधिकारी एवं कर्मचारी गजानन घायवट, आतिश तिडके, गजानन खरात, अशोक राउत, अमोल चेके, मनोहर भुतेकर, संदीपान लहाने तथा चालक विठ्ठल कापसे शामिल रहे।
एंटी करप्शन ब्यूरो ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी शासकीय कार्यालय में यदि रिश्वत की मांग की जाती है तो तत्काल टोल फ्री नंबर 1064 पर या एसीबी जालना कार्यालय से संपर्क करें।
