Breaking NewsCrime News

प्रेम संबंधों से नाराज पिता ने बेटी की गला घोंटकर की हत्या, फिर लगाई फांसी — दोहरी मौत से सनसनी

ग्रेटर नोएडा: कासना कोतवाली क्षेत्र की सिरसा नई कॉलोनी में सोमवार को एक दिल दहला देने वाली घटना ने इलाके को हिला कर रख दिया। यहां एक पिता ने अपनी बेटी की हत्या कर खुद भी आत्महत्या कर ली। शुरुआती जांच में पारिवारिक तनाव और बेटी के प्रेम प्रसंग को इस त्रासदी की वजह माना जा रहा है।

एडिशनल डीसीपी ग्रेटर नोएडा सुधार कुमार ने बताया कि सोमवार सुबह डायल-112 पर सूचना मिली कि एक व्यक्ति ने फांसी लगा ली है और पास में एक युवती का शव पड़ा है। सूचना मिलते ही कासना कोतवाली प्रभारी धर्मेंद्र शुक्ला पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।

पुलिस को घटनास्थल पर 48 वर्षीय अशोक कुमार पंखे से लटके मिले, जबकि उनके पास ही उनकी बेटी संजना (22) का शव ज़मीन पर पड़ा था।

प्रेम संबंध बना कारण

पुलिस जांच और परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, संजना का किसी युवक से प्रेम संबंध था, जिसे लेकर पिता अशोक कुमार नाराज थे। इस मुद्दे को लेकर परिवार में लंबे समय से तनाव चल रहा था। आशंका जताई जा रही है कि इसी मानसिक तनाव के चलते अशोक कुमार ने पहले गुस्से में आकर अपनी बेटी की हत्या की और फिर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

शांत स्वभाव के थे अशोक कुमार

अशोक कुमार मूलतः आगरा के जगनेर थाना क्षेत्र के वाजिदपुर गांव के निवासी थे और सिरसा नई कॉलोनी में अपने मकान में परिवार के साथ रहते थे। पड़ोसियों के मुताबिक, अशोक शांत और मिलनसार स्वभाव के थे, और इस तरह की घटना की किसी को कल्पना भी नहीं थी।

पुलिस कर रही है विस्तृत जांच

पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है, लेकिन परिवारिक तनाव और प्रेम संबंधों को अब तक का सबसे बड़ा कारण माना जा रहा है। पुलिस अन्य कोणों से भी मामले की जांच कर रही है, ताकि घटना की पूरी सच्चाई सामने लाई जा सके।

फिलहाल, मामले में कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं की गई है, लेकिन मृतकों के परिजनों के बयान लिए जा चुके हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

इस दिल दहला देने वाली घटना से इलाके में शोक की लहर है और हर कोई इस त्रासदी से स्तब्ध है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button