भोकरदन तालुका की सड़कों के अधूरे कार्यों की भ्रष्टाचार जांच की मांग, दोषियों पर कार्रवाई हो – बोरसे गुरुजी

भोकरदन/करीम लाला
भोकरदन तालुका में सड़कों के अधूरे छोड़े गए कार्यों में हुए भ्रष्टाचार की गहन जांच कर संबंधित अधिकारियों और ठेकेदारों पर सख्त कार्रवाई की मांग आम आदमी पार्टी ने की है। यह मांग आम आदमी पार्टी जालना जिला सचिव बोरसे गुरुजी ने की है।
बोरसे गुरुजी ने कहा कि सुरंगली फाटा से जळगांव सपकाळ, पिंपलगांव रेणुकाई से कोकडी तथा वरुड बु. से माळेगांव (ता. भोकरदन) इन प्रमुख मार्गों के सड़क कार्य अधूरे छोड़ दिए गए हैं, लेकिन संबंधित ठेकेदारों द्वारा पूरे बिल निकाल लिए गए हैं। इससे स्पष्ट होता है कि बिना कार्य पूरा किए सरकारी धन की हेराफेरी की गई है।
इन सड़कों की स्थिति अत्यंत दयनीय हो चुकी है, जिससे वाहन चालकों और आम नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। संबंधित सड़क कार्यों को पूरा किए बिना ही भुगतान लेने के लिए जिम्मेदार अधिकारी और ठेकेदार पूरी तरह दोषी हैं। यह सीधा-सीधा भ्रष्टाचार का मामला है, जिसकी निष्पक्ष और सख्त जांच की जानी चाहिए।
इस संबंध में छत्रपति संभाजीनगर विभाग के माननीय विभागीय आयुक्त को स्वतंत्र पत्र दिया गया है। साथ ही इस पत्र की प्रतियां जालना के माननीय जिलाधिकारी, भोकरदन के उपविभागीय अधिकारी तथा तहसीलदार, तहसील कार्यालय भोकरदन को भी सौंपी गई हैं।
बोरसे गुरुजी ने चेतावनी दी है कि यदि संबंधित सड़कों के अधूरे कार्य तुरंत पूरे कर जनता को सुविधा नहीं दी गई, तो आम आदमी पार्टी की ओर से तीव्र आंदोलन और आमरण अनशन जैसे कदम उठाए जाएंगे। इसके परिणामों की पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
इस अवसर पर महेजाद खान, इब्राहिम कुरैशी, फारुख शेख, नारायण सोनी सहित पार्टी के अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।
