भोकरदन में आवारा कुत्तों का बढ़ता आतंक, स्कूली बच्चों की सुरक्षा पर मंडराया खतरा

भोकरदन/करीम लाला
भोकरदन शहर में आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या से नागरिकों में दहशत का माहौल है। शहर के बीचो-बीच स्थित मोहम्मद मस्जिद परिसर में आवारा कुत्तों का झुंड लगातार सक्रिय नजर आ रहा है, जिससे यहां रहने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय नागरिकों के अनुसार, आए दिन कुत्तों के झुंड लोगों पर दौड़ पड़ते हैं। स्थिति इतनी गंभीर हो चुकी है कि आम नागरिकों के साथ-साथ बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ गई है। इसी परिसर के आसपास तीन स्कूल स्थित हैं, जहां प्रतिदिन सैकड़ों छात्र-छात्राएं आवागमन करते हैं। किसी भी समय कोई बड़ा हादसा होने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।
नागरिकों का कहना है कि यदि किसी बच्चे या व्यक्ति के साथ कुत्तों के हमले की घटना होती है, तो इसकी जिम्मेदारी किसकी होगी, यह बड़ा सवाल है। बढ़ते खतरे को देखते हुए क्षेत्रवासियों में रोष व्याप्त है।
इस गंभीर समस्या को लेकर नागरिकों ने भोकरदन नगराध्यक्ष मिर्ज़ा समरीन नाज़ वसीम से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। लोगों की अपील है कि आवारा कुत्तों के खिलाफ शीघ्र ठोस कार्रवाई की जाए और शहरवासियों, विशेषकर स्कूली बच्चों को इस भय से निजात दिलाई जाए।
जनसुरक्षा से जुड़ा यह मामला अब प्रशासन की त्वरित और जिम्मेदार कार्रवाई की मांग कर रहा है।
