उपमुख्यमंत्री अजित पवार का निधन, महाराष्ट्र में आज सरकारी अवकाश घोषित

जालना/कादरी हुसैन
महाराष्ट्र सरकार के उपमुख्यमंत्री अजित अशाताई अनंतराव पवार का आज बुधवार, 28 जनवरी 2026 को निधन हो गया। उनके आकस्मिक निधन से पूरे राज्य में शोक की लहर फैल गई है। इस दुखद घटना के मद्देनज़र महाराष्ट्र शासन ने आज 28 जनवरी 2026 को पूरे राज्य में सरकारी अवकाश घोषित किया है। राज्य सरकार के सभी कार्यालय आज बंद रहेंगे।
सामान्य प्रशासन विभाग, मंत्रालय, मुंबई द्वारा जारी आधिकारिक वायरलेस संदेश के अनुसार, दिवंगत उपमुख्यमंत्री को श्रद्धांजलि अर्पित करने हेतु पूरे महाराष्ट्र में तीन दिनों का राजकीय शोक घोषित किया गया है। यह राजकीय शोक 28 जनवरी 2026 से 30 जनवरी 2026 तक रहेगा। इस अवधि के दौरान राज्यभर में जहां नियमित रूप से राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाता है, वहां राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा। साथ ही किसी भी प्रकार के सरकारी मनोरंजन अथवा औपचारिक कार्यक्रम आयोजित नहीं किए जाएंगे।
यह आदेश मुख्य सचिव, महाराष्ट्र शासन तथा राज्यपाल के सचिव के माध्यम से जारी किया गया है। आदेश की प्रतियां मंत्रालय के सभी अतिरिक्त मुख्य सचिवों, प्रमुख सचिवों, सचिवों, सभी संभागीय आयुक्तों, सभी जिलाधिकारियों, पुलिस रेंज के आईजी/डीआईजी, महानगरों के पुलिस आयुक्तों एवं सभी जिलों के पुलिस अधीक्षकों को भेजी गई हैं। सभी संबंधित अधिकारियों को आदेश का तत्काल और कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
महाराष्ट्र सरकार ने दिवंगत उपमुख्यमंत्री अजित अशाताई अनंतराव पवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की है।
