दिवंगत उपमुख्यमंत्री अजित पवार विमान दुर्घटना मामला: सीआईडी करेगी आकस्मिक मृत्यु की जांच

पुणे/प्रतिनिधि
राज्य के दिवंगत उपमुख्यमंत्री अजित पवार की विमान दुर्घटना में हुई मृत्यु के मामले में अब अपराध अन्वेषण विभाग (सीआईडी) द्वारा जांच की जाएगी। यह जानकारी सीआईडी के अपर पुलिस महानिदेशक सुनील रामानंद ने दी है।
बताया गया कि 28 जनवरी को बारामती हवाई अड्डे के पास हुए विमान हादसे में अजित पवार का निधन हो गया था। इस संबंध में बारामती पुलिस थाने में आकस्मिक मृत्यु की नोंद दर्ज की गई थी, और उसी जांच को सीआईडी के हवाले किया गया है। वहीं, विमान दुर्घटना के तकनीकी पहलुओं की जांच केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्रालय के अधीन एजेंसी द्वारा की जा रही है।
बारामती में हुई इस भीषण विमान दुर्घटना में अजित पवार सहित विमान में सवार सभी लोगों की मौत हो गई। मृतकों में पायलट सुमित कपूर, सह-पायलट शांभवी पाठक, फ्लाइट अटेंडेंट पिंकी माळी तथा अजित पवार के अंगरक्षक विदीप जाधव शामिल हैं। हादसे के बाद इस मामले में आकस्मिक मृत्यु की नोंद दर्ज कर जांच प्रक्रिया शुरू की गई।
जानकारी के अनुसार, जिला परिषद और पंचायत समिति चुनावों के सिलसिले में अजित पवार की बारामती में सभाएं प्रस्तावित थीं। इन्हीं सभाओं के लिए वे बुधवार सुबह मुंबई से बारामती के लिए रवाना हुए थे। विमान जब बारामती हवाई अड्डे पर उतर रहा था, तभी वह दुर्घटनाग्रस्त होकर पास के एक खेत में गिर पड़ा। हादसा इतना भयावह था कि विमान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और मौके पर ही कई लोगों की मौत हो गई।