सदर बाजार पुलिस थाना जालना की बड़ी कार्रवाई: गोवंशीय पशुओं की अवैध तस्करी का भंडाफोड़, ₹7 लाख का मुद्देमाल जब्त, आरोपी गिरफ्तार

जालना/कादरी हुसैन
दिनांक 31 जनवरी 2026 को जालना के सदर बाजार पुलिस थाना क्षेत्र में गोवंशीय पशुओं की अवैध तस्करी के विरुद्ध पुलिस ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए एक पिकअप वाहन सहित कुल ₹7,00,000/- मूल्य का मुद्देमाल जब्त किया है। इस प्रकरण में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, डीबी के पोहेकॉ/1267 जगन्नाथ जाधव एवं पोकॉ/1519 गणेश तेजनकर ड्यूटी पर तैनात थे। इसी दौरान पोहेकॉ जाधव को गोपनीय सूत्र से सूचना मिली कि देवळगांव राजा की ओर से एक सफेद रंग की पिकअप (क्रमांक MH 21 BH 6956) में गोवंशीय जाति के बछड़ों को क़त्ल के उद्देश्य से जालना लाया जा रहा है। सूचना से वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराते हुए तत्काल कार्रवाई का निर्देश प्राप्त किया गया।
माननीय पुलिस निरीक्षक श्री संदीप भारती के मार्गदर्शन में पोउपनि सचिन सानप, पोहेकॉ/1267 जाधव, पोकॉ/1519 तेजनकर व अन्य पुलिस स्टाफ ने चमड़ा बाजार, जालना परिसर में नाकाबंदी की। इस दौरान संदिग्ध पिकअप को रोका गया, जिसमें दो पंचों की मौजूदगी में जांच करने पर गोवंशीय जाति के 05 बछड़े पाए गए।
पशुओं को सुरक्षित रूप से मंठा रोड, राममूर्ती स्थित श्री गुरुगणेश गोशाला ले जाकर पंचनामा किया गया। जांच में पाया गया कि बछड़ों को अत्यधिक भीड़भाड़ में, सांस लेने में कठिनाई हो ऐसी स्थिति में निर्दयतापूर्वक रखा गया था तथा उन्हें क़त्ल के लिए ले जाया जा रहा था। पुलिस ने 05 बछड़े एवं एक पिकअप वाहन जब्त कर कुल ₹7,00,000/- का मुद्देमाल कब्जे में लिया।
पिकअप चालक ने पूछताछ में अपना नाम शेख फिरोज शेख इब्राहिम (उम्र 36 वर्ष, निवासी वलीमामुदर्गा, जालना) बताया। पशुओं के स्रोत व उद्देश्य के संबंध में उसने बताया कि ये बछड़े अजहर कादर कुरैशी (उम्र 22 वर्ष), रईस कुरैशी एवं असीफ कुरैशी (सभी निवासी मंगल बाजार, जालना) द्वारा क़त्ल के लिए लाए गए थे।
इस मामले में सदर बाजार पुलिस थाना, जालना में गु.र.नं. 73/2026 के तहत महाराष्ट्र पशु संरक्षण अधिनियम, 1976 (संशोधन 2015) की धारा 5(ब), 9 तथा पशुओं के प्रति क्रूरता निवारण अधिनियम, 1960 की धारा 11(1)(F)(H)(1) के अंतर्गत अपराध दर्ज किया गया है। मामले की जांच पोहेकॉ/1076 अंकुश बोडखे कर रहे हैं।
यह कार्रवाई माननीय पुलिस अधीक्षक श्री अजयकुमार बंसल, अपर पुलिस अधीक्षक श्री आयुष नोपाणी, उपविभागीय पुलिस अधिकारी श्री अनंत कुलकर्णी एवं प्रो. अधीक्षक श्रीमती शेखर के मार्गदर्शन में तथा पुलिस निरीक्षक श्री संदीप भारती के नेतृत्व में संपन्न की गई।
