AurangabadBreaking News

औरंगाबाद के नागेश्वरवाड़ी इलाके में युवक द्वारा युवती से जबरदस्ती का CCTV वीडियो सामने आया, पुलिस ने शुरू की जांच

औरंगाबाद/प्रतिनिधि

औरंगाबाद शहर के मध्य भाग में स्थित नागेश्वरवाड़ी इलाके में रात के समय एक युवक द्वारा एक युवती से जबरदस्ती किए जाने का कथित सीसीटीवी वीडियो सामने आया है। वीडियो सामने आते ही पूरे इलाके में खलबली मच गई है। हालांकि, इस मामले में अब तक पुलिस को किसी प्रकार की आधिकारिक शिकायत प्राप्त नहीं हुई है, फिर भी पुलिस ने स्वतः संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार नागेश्वरवाड़ी परिसर में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं हॉस्टलों में रहते हैं। इसी क्षेत्र में देर रात एक युवक द्वारा एक युवती को जबरदस्ती पकड़ते हुए ले जाने का दृश्य सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ है। वीडियो में युवती विरोध करती नजर आ रही है, इसके बावजूद युवक उसे उठाकर ले जाता दिखाई देता है। हालांकि वीडियो के अंतिम हिस्से में दोनों वहां से चले जाते हैं।

इस संबंध में क्रांति चौक पुलिस से पूछताछ करने पर पुलिस ने बताया कि फिलहाल इस मामले में कोई भी शिकायत दर्ज नहीं हुई है, लेकिन सामने आए सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच की जा रही है।

इस घटना के वीडियो से अभिभावकों में चिंता का माहौल बन गया है। उनका कहना है कि छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए, ताकि शहर में बेटियों के प्रति सुरक्षा की भावना मजबूत हो सके। अब इस मामले में क्रांति चौक पुलिस द्वारा आगे क्या कार्रवाई की जाती है, इस पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button