औरंगाबाद में बड़ी कार्रवाई: 180 किलो गोवंश मांस जब्त, एक आरोपी हिरासत में

औरंगाबाद/प्रतिनिधि
औरंगाबाद जिले में पुलिस ने देर रात बड़ी कार्रवाई करते हुए 180 किलो गोवंश मांस जब्त किया है। यह कार्रवाई छावणी थाना क्षेत्र की डायल-112 टीम ने नियमित गश्त के दौरान की। पुलिस ने संदिग्ध वाहन की तलाशी लेने पर भारी मात्रा में गोवंश मांस बरामद किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वाहन चालक तौसीफ मुकीद मणियार (उम्र 23, निवासी देवगिर रंगारी, तहसील कन्नड) को हिरासत में लिया गया है। आरोपी के खिलाफ छावणी थाने में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने बताया कि जब्त किए गए मांस के संबंध में आवश्यक जांच प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और मामले की विस्तृत जांच हवलदार खान द्वारा की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि मांस की आपूर्ति कहां से की जा रही थी और इसे कहां ले जाया जा रहा था।
इस कार्रवाई के बाद इलाके में खलबली मच गई है, जबकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध गतिविधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
