जलगांव में खौफनाक वारदात: दो जिगरी दोस्तों के बीच खूनी संघर्ष, एक की मौत, दूसरा गंभीर रूप से घायल
पुरानी रंजिश बनी खून की वजह, चाकूओं से हुआ दोस्ती का खौफनाक अंत

जलगांव शहर के सम्राट कॉलोनी इलाके में रविवार सुबह एक रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना सामने आई, जहां कभी गहरे दोस्त रहे दो युवकों के बीच चाकुओं से जानलेवा हमला हुआ। झगड़ा इतना भयानक था कि दोनों युवक खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़े। इस वारदात में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा अस्पताल में जिंदगी और मौत की जंग लड़ रहा है।
मृतक युवक की पहचान 27 वर्षीय धीरज हिवराळे के रूप में हुई है, जबकि आरोपी 25 वर्षीय कल्पेश चौधरी गंभीर रूप से घायल है और उसका जिला अस्पताल में इलाज जारी है।
जानकारी के अनुसार, धीरज और कल्पेश कभी एक-दूसरे के बेहद करीबी दोस्त थे, लेकिन बीते कुछ महीनों से उनके बीच आपसी विवाद चल रहा था। कहा जा रहा है कि एक पारिवारिक सदस्य को गाली देने की बात को लेकर दोनों के बीच मनमुटाव शुरू हुआ था, जो आखिरकार खूनी टकराव में बदल गया।
रविवार सुबह दोनों के बीच कहासुनी इतनी बढ़ गई कि बात हाथापाई तक पहुंच गई। इस दौरान दोनों ने एक-दूसरे पर चाकू से हमला कर दिया। कल्पेश ने धीरज की पीठ में कई बार वार किया, जिससे धीरज ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं हमले में कल्पेश भी गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के तुरंत बाद दोनों को जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टर धीरज को बचा नहीं सके। पुलिस के अनुसार कल्पेश की हालत भी नाजुक बनी हुई है।
इस दिल दहला देने वाली घटना के बाद सम्राट कॉलोनी इलाके में तनाव का माहौल फैल गया। जिला अस्पताल में धीरज के परिजनों और दोस्तों की भारी भीड़ जमा हो गई। धीरज के माता-पिता और बहन के रोने-बिलखने से पूरा अस्पताल गमगीन हो गया।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और घटनास्थल के आसपास सुरक्षा कड़ी कर दी गई है।
