बुलढाणा में हैवानियत! बेटे ने खाने की थाली पर ही पिता को मौत के घाट उतारा, लाश बोरे में भरकर नदी में फेंकी

बुलढाणा जिले के संग्रामपुर तालुका से एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहां एक बेटे ने मामूली विवाद के बाद अपने पिता की बेरहमी से हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी ने पिता का शव प्लास्टिक के पोते में भरकर नदी में फेंक दिया। इस निर्मम हत्या से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की जांच जारी है।
मृतक का नाम रामराव तेल्हारकर है, जबकि आरोपी बेटे का नाम शिवाजी रामराव तेल्हारकर (विवाहित) बताया गया है। वह अपने माता-पिता के साथ संग्रामपुर तालुका के बोडखा गांव में रहता था। जानकारी के अनुसार, घटना के दिन पिता-पुत्र में खाने की थाली में छोड़े गए उष्टे अन्न (बचा हुआ खाना) को लेकर विवाद हुआ। इसी बात पर बहस इतनी बढ़ गई कि गुस्से में शिवाजी ने अपने पिता पर कुल्हाड़ी से वार कर उनकी हत्या कर दी।
हत्या के बाद आरोपी ने सबूत छिपाने की कोशिश करते हुए शव को पोते में भरकर पूर्णा नदी में फेंक दिया। इस पूरे मामले का खुलासा मृतक की बहू और आरोपी की पत्नी की शिकायत के बाद हुआ। तामगाव पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, मृतक रामराव और उनका बेटा शिवाजी के बीच पहले भी विवाद होते रहते थे। पिता अक्सर बेटे को काम न करने और घर की जिम्मेदारी न निभाने को लेकर टोका करते थे। इसी तरह के विवाद ने आखिरकार हत्या का रूप ले लिया।
फिलहाल, मृतक का शव अभी तक बरामद नहीं हो पाया है और पुलिस के सामने उसे ढूंढने की चुनौती बनी हुई है। इस जघन्य घटना से पूरे इलाके में दहशत और खलबली का माहौल है।
