भोकरदन पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 61.56 लाख का प्रतिबंधित गुटखा-पान मसाला जब्त

जालना | कादरी हुसैन
भोकरदन पुलिस ने महाराष्ट्र में प्रतिबंधित गुटखा, सुगंधित पान मसाला और तंबाकू उत्पादों की अवैध बिक्री एवं आपूर्ति के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आयशर वाहन को पकड़ा है। वाहन की तलाशी के दौरान प्रतिबंधित पान मसाला और जाफरानी जरदा तंबाकू की खेप बरामद हुई। पुलिस ने वाहन समेत कुल 61 लाख 56 हजार 250 रुपये का मुद्देमाल जब्त किया है। मामले में दो आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है।
पुलिस के मुताबिक, 12 अगस्त 2026 की सुबह भोकरदन पुलिस थाने के प्रभारी अधिकारी सहायक पुलिस निरीक्षक राहुल बांगर को गुप्त सूचना मिली थी कि सिल्लोड की ओर से भोकरदन आने वाले आयशर वाहन क्रमांक RJ-09-GE-7411 में महाराष्ट्र में प्रतिबंधित सुगंधित पान मसाला और तंबाकू उत्पाद लाए जा रहे हैं। यह खेप भोकरदन में बिक्री के लिए पहुंचाई जानी थी।
सूचना मिलने के बाद उपविभागीय पुलिस अधिकारी डॉ. नितीन कटेकर को जानकारी दी गई और पुलिस टीम गठित की गई। सहायक पुलिस निरीक्षक राहुल बांगर के नेतृत्व में टीम ने सिल्लोड-भोकरदन मार्ग पर साईप्रसाद होटल के पास निगरानी शुरू की।
कुछ समय बाद सिल्लोड रोड से आयशर वाहन क्रमांक RJ-09-GE-7411 भोकरदन की ओर आता दिखाई दिया। पुलिस टीम ने वाहन का पीछा कर उसे रोका। चालक से वाहन में रखे सामान के संबंध में पूछताछ की गई। जवाब संतोषजनक नहीं मिलने पर पंचों की मौजूदगी में वाहन की तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान वाहन से महाराष्ट्र राज्य में प्रतिबंधित राजनिवास सुगंधित पान मसाला और ZN-01 ZAFRANI ZARDA तंबाकू की बोरियां एवं पैकेट बरामद हुए। पुलिस पूछताछ में वाहन चालक ने कथित तौर पर बताया कि यह प्रतिबंधित माल भोकरदन निवासी फिरोज खान मेहमूद खान को उपलब्ध कराने के लिए ले जाया जा रहा था।
पुलिस ने मामले में विद्याराम श्यामलाल कश्यप (46), निवासी निनवया, दौलताबाद, आगरा, उत्तर प्रदेश तथा फिरोज खान मेहमूद खान, निवासी भोकरदन, तहसील भोकरदन, जिला जालना को आरोपी बनाया है।
जब्त किए गए मुद्देमाल में 21 लाख 93 हजार 750 रुपये का सुगंधित पान मसाला, 14 लाख 62 हजार 500 रुपये का ZN-01 ZAFRANI ZARDA तंबाकू और 25 लाख रुपये कीमत का आयशर वाहन शामिल है। इस तरह वाहन सहित कुल 61 लाख 56 हजार 250 रुपये का माल पुलिस ने जब्त किया।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक श्री तेंघबीर सिंह संधू, अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. विक्रम साळी तथा उपविभागीय पुलिस अधिकारी डॉ. नितीन कटेकर के मार्गदर्शन में की गई।
कार्रवाई में सहायक पुलिस निरीक्षक राहुल बांगर, पुलिस उपनिरीक्षक प्रकाश शेळके, पुलिस उपनिरीक्षक सागर शिंदे, पुलिस नायक प्रशांत उबाळे, पुलिस अंमलदार शिवाजी जाधव, गणेश पिंपळकर, अर्जुन टेकाळे, शरद शिंदे, इंदल बमनावत, रानगोते, संतोष बनकर तथा चरणसिंग ने सहभाग लिया।
मामले में पुलिस की ओर से आगे की कानूनी कार्रवाई और जांच जारी है।
