AurangabadBreaking News

औरंगाबाद: हर्सूल तालाब में डूबने से चार युवकों की मौत, इलाके में शोक की लहर

औरंगाबाद/प्रतिनिधि 

भीषण गर्मी के बीच राहत पाने के लिए जलाशयों का रुख करना चार युवकों के लिए जानलेवा साबित हुआ। रविवार की छुट्टी के दिन कुछ युवक हर्सूल तालाब में तैरने गए थे, लेकिन यह सैर उनकी जिंदगी की आखिरी साबित हुई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गर्मी से राहत पाने के लिए युवक तालाब में उतरे थे, तभी अचानक गहरे पानी में जाने से वे डूबने लगे। घटना की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और बचाव अभियान शुरू किया गया।

शुरुआत में तीन युवकों के डूबने की सूचना मिली थी। रेस्क्यू टीम ने तलाशी अभियान चलाते हुए तीनों के शव पानी से बाहर निकाले। इसी दौरान तालाब के दूसरे छोर पर एक और युवक के डूबने की जानकारी सामने आई। इसके बाद दोबारा सर्च ऑपरेशन चलाया गया और चौथे युवक का शव भी बरामद किया गया।

मृतकों में अफान खान और आदिल शेख की पहचान हो चुकी है, जबकि अन्य दो युवकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। सभी शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए घाटी अस्पताल भेज दिया गया है।

घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है। प्रशासन की ओर से लोगों से अपील की गई है कि तैरने के दौरान सावधानी बरतें और बिना सुरक्षा इंतजाम के गहरे पानी में जाने से बचें।

पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button