पुराना जालना भाजी मंडी में अतिक्रमण हटाने गई मनपा टीम पर हमला, अभियान स्थगित; अदनान चाऊस पर मामला दर्ज

जालना/कादरी हुसैन
जालना शहर महानगरपालिका द्वारा पुराना जालना स्थित भाजी मंडी क्षेत्र में चलाए जा रहे अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान मनपा पथक पर भीड़ द्वारा हमला किए जाने की घटना सामने आई है। घटना के बाद इलाके में कुछ समय के लिए तनावपूर्ण स्थिति निर्माण हो गई। मामले में कदीम पुलिस स्टेशन में अदनान चाऊस के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मा. आयुक्त अंजली शर्मा के आदेशानुसार तथा सहायक आयुक्त विजय फुलंब्रीकर के मार्गदर्शन में मंगलवार (दि. 19) को भाजी मंडी, पुराना जालना क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने के लिए विशेष पथक भेजा गया था। इस पथक में अतिक्रमण पथक प्रमुख श्री बी. सी. राठोड, उनके सहायक श्री शामसन कसबे, लिपिक श्री अजय पेम्बर्ती, श्री उत्तम लाडाने सहित लगभग 20 से 25 कर्मचारी शामिल थे।
अभियान के दौरान वहां मौजूद जमाव ने मनपा पथक पर हमला कर दिया, जिससे परिसर में अफरा-तफरी और गोंधळ का माहौल बन गया। इस घटना के बाद प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पुराना जालना के लतीफ शाह बाजार निवासी अदनान चाऊस के खिलाफ कदीम पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कराया।
घटना के चलते मंगलवार का अतिक्रमण हटाओ अभियान स्थगित कर दिया गया। वहीं प्रशासन की ओर से जानकारी दी गई कि बुधवार (दि. 20 मई) को मामा चौक से टांगा स्टैंड तक अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाएगी। मनपा प्रशासन ने संबंधित दुकानदारों और नागरिकों से स्वेच्छा से अतिक्रमण हटाकर प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है।
इस संबंध में सहायक आयुक्त विजय फुलंब्रीकर ने नागरिकों से शांति बनाए रखने तथा प्रशासनिक कार्यवाही में सहयोग करने का आवाहन किया है।
