Breaking NewsJalna

30 जून से 29 जुलाई तक भरें SIR Enumeration Form: सहायक मतदान अधिकारी और मनपा सहायक आयुक्त सुप्रिया चव्हाण ने मतदाता सूची भाग 143 का किया निरीक्षण, नागरिकों से समय पर फॉर्म जमा करने की अपील

जालना | कादरी हुसैन

विशेष गहन मतदाता सूची पुनरीक्षण (Special Intensive Revision-SIR) अभियान के तहत 30 जून से 29 जुलाई 2026 तक SIR Enumeration Form भरने का कार्य युद्धस्तर पर जारी है। अभियान की प्रगति का जायजा लेने के लिए शनिवार को सहायक मतदान अधिकारी और मनपा सहायकआयुक्त सुप्रिया चव्हाण ने नगर के नागरिक प्रभाग क्रमांक 8 अंतर्गत मतदाता सूची भाग क्रमांक 143 का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने मतदान केंद्र पर चल रही मतदाता सूची पुनरीक्षण प्रक्रिया का अवलोकन कर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर अभियान सफलतापूर्वक पूरा करने के निर्देश दिए। इस दौरान पर्यवेक्षक तुकाराम कोल्हे, बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) राहुल बोरा तथा प्रभाग 143 के नगरसेवक दुर्गेश काठोठीवाले भी उपस्थित रहे। सभी ने मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान को सफल बनाने के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा की।

सहायक मतदान अधिकारी और मनपा सहायक आयुक्त सुप्रिया चव्हाण ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि 30 जून से 29 जुलाई 2026 के बीच सभी पात्र मतदाता अपना SIR Enumeration Form अनिवार्य रूप से भरकर संबंधित बीएलओ के पास जमा करें। जिन नागरिकों का नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है अथवा नाम, पता, आयु या अन्य विवरण में संशोधन कराना है, वे निर्धारित अवधि के भीतर आवश्यक प्रपत्र भरकर अपनी जानकारी अद्यतन कराएं।

उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में नाम दर्ज होना प्रत्येक पात्र नागरिक के लोकतांत्रिक अधिकार और कर्तव्य का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसलिए कोई भी पात्र नागरिक इस प्रक्रिया से वंचित न रहे। उन्होंने सभी नागरिकों से समय रहते SIR Enumeration Form भरने, अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करने तथा आगामी चुनाव में अपने मताधिकार का प्रयोग सुनिश्चित करने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button