आरटीओ के नाम पर लाखों की कथित ठगी का आरोप, जालना में शिकायत दर्ज; अधिकारियों से अभद्रता और धमकी का भी मामला

जालना | कादरी हुसैन
जालना के उप-क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (आरटीओ) के नाम का कथित दुरुपयोग कर वाहन मालिकों से लाखों रुपये की अवैध वसूली किए जाने का मामला सामने आया है। इस संबंध में चंदनझीरा पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और संबंधित व्यक्ति के खिलाफ साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
आरटीओ की शिकायत के अनुसार, यूसुफ खान सिकंदर खान नामक व्यक्ति स्वयं को आरटीओ से जुड़ा बताकर वाहन मालिकों से वाहनों की किस्त, विभिन्न शुल्क और अन्य कार्यों के नाम पर बड़ी रकम वसूल रहा था। आरटीओ अधिकारियों ने कई बार उसे कार्यालय में उपस्थित होकर स्पष्टीकरण देने के लिए संपर्क किया, लेकिन उसने कोई जवाब नहीं दिया।
मामले का खुलासा तब हुआ जब आरटीओ के नियमित जांच अभियान में कुछ वाहनों पर कार्रवाई की गई। इस दौरान वाहन मालिकों ने अधिकारियों से कहा कि वे संबंधित व्यक्ति को नियमित रूप से राशि जमा कर रहे थे, फिर भी उनके खिलाफ कार्रवाई क्यों की गई। इसके बाद जांच में कई वाहन मालिकों ने आरटीओ के नाम पर पैसे वसूले जाने की जानकारी दी।
शिकायत में यह भी आरोप है कि 3 जुलाई 2026 को आरटीओ के वायुदूत दस्ते की कार्रवाई के दौरान संबंधित व्यक्ति ने अधिकारियों के साथ गाली-गलौज की, जान से मारने की धमकी दी, सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाई तथा वाहन चढ़ाने का प्रयास किया। साथ ही सोशल मीडिया और प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से अधिकारियों की बदनामी करने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है। इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत चंदनझीरा पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया है।
आरटीओ प्रशासन ने नागरिकों और वाहन मालिकों से अपील की है कि किसी भी व्यक्ति को नकद या अनधिकृत तरीके से कोई राशि न दें। सभी शासकीय शुल्क केवल अधिकृत रसीद के माध्यम से ही जमा करें। यदि कोई व्यक्ति आरटीओ के नाम पर पैसे मांगता है या संदिग्ध लेन-देन करता है, तो इसकी सूचना तुरंत आरटीओ कार्यालय या पुलिस को दें।