Breaking NewsJalna

जालना में दर्दनाक सड़क हादसा: दुधना नदी पुल पर ट्रैवल्स पलटी, 13 यात्री घायल; कई की हालत गंभीर

जालना | कादरी हुसैन

पंढरपुर में एक विवाह समारोह में शामिल होकर बुलढाणा लौट रहे यात्रियों से भरी एक ट्रैवल्स बस जालना जिले के परतूर के समीप दुधना नदी पुल पर भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गई। चालक का वाहन से नियंत्रण छूटने के बाद ट्रैवल्स अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में 12 से 13 यात्री घायल हो गए, जिनमें कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, यह दुर्घटना रविवार सुबह करीब 10 बजे हुई। ट्रैवल्स पलटते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई और यात्रियों में अफरा-तफरी फैल गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू करते हुए वाहन में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला और पुलिस व आपातकालीन सेवाओं को सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस और एम्बुलेंस मौके पर पहुंचीं। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए परतूर ग्रामीण अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। गंभीर रूप से घायल यात्रियों पर चिकित्सकों की विशेष निगरानी रखी जा रही है।

प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण चालक का वाहन से नियंत्रण खोना माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। दुर्घटना के कारण दुधना नदी पुल पर कुछ समय तक यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने पंचनामा कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button