मुंबई में हत्या की दो सनसनीखेज वारदातें, महिला की गला दबाकर हत्या; बीच-बचाव करने वाले युवक की पीट-पीटकर मौत

मुंबई | प्रतिनिधि
शहर में रविवार को हत्या की दो अलग-अलग घटनाओं से सनसनी फैल गई। पहली घटना मलबार हिल क्षेत्र के नेपियन सी रोड की है, जहां किराए पर रहने वाले एक युवक ने कथित तौर पर पड़ोस में रहने वाली 55 वर्षीय महिला की गला दबाकर हत्या कर दी और उनकी सोने की चेन लूटकर फरार हो गया। दूसरी घटना ट्रॉम्बे के चिता कैंप इलाके में हुई, जहां मंदिर के आर्थिक लेनदेन को लेकर हुए विवाद में बीच-बचाव करने पहुंचे युवक की पेवर ब्लॉक से हमला कर हत्या कर दी गई।
मलबार हिल पुलिस के अनुसार, नेपियन सी रोड स्थित शिमला नगर बस्ती में रहने वाली ज्योति पवार (55) शनिवार को अपने घर में मृत अवस्था में मिलीं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में उनकी गला दबाकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई, जिसके बाद हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
परिजनों ने बताया कि ज्योति पवार घरों में काम करती थीं और उनकी दिनचर्या नियमित थी। शनिवार को कई बार फोन करने के बावजूद उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया, जिससे उनकी बेटी एकता जाधव को चिंता हुई। जब परिजन घर पहुंचे तो कमरा अंदर से बंद मिला। दरवाजा खोलने पर ज्योति पवार मृत मिलीं और उनके गले पर चोट के निशान दिखाई दिए।
जांच के दौरान पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और स्थानीय लोगों से पूछताछ की। पूछताछ में किराएदार मोहम्मद कैफ शेख (23) के बयान संदिग्ध पाए गए। तकनीकी और परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसके द्वारा हत्या किए जाने का खुलासा हुआ।
आरोपी ने बताया कि हाल ही में उसके छोटे व्यवसाय में भारी नुकसान हुआ था और वह आर्थिक संकट से गुजर रहा था। उसे पता था कि ज्योति पवार हमेशा सोने की चेन पहनती हैं। इसी लालच में वह किसी बहाने उनके घर में घुसा, गला दबाकर उनकी हत्या की और सोने की चेन लेकर फरार हो गया। शहर छोड़कर भागने की कोशिश के दौरान पुलिस ने रविवार को उसे गिरफ्तार कर लिया। मामले की जांच जारी है।
वहीं ट्रॉम्बे के चिता कैंप स्थित एक मंदिर में आर्थिक लेनदेन को लेकर शिवप्रसाद और हरिप्रसाद नामक दो भाइयों के बीच विवाद हो गया। इस दौरान शरदकुमार नामक युवक ने दोनों के बीच सुलह कराने की कोशिश की, लेकिन दोनों भाई उसी पर भड़क गए। विवाद मारपीट में बदल गया और दोनों ने शरदकुमार पर पेवर ब्लॉक से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल शरदकुमार की उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
इसी बीच गोरेगांव पश्चिम स्थित लिंक रोड के पास एक नाले से रविवार दोपहर एक अज्ञात व्यक्ति का शव भी बरामद हुआ। पुलिस मृतक की पहचान करने का प्रयास कर रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि व्यक्ति की मौत हादसे में हुई या उसकी हत्या कर शव नाले में फेंका गया।