कन्नड़ में आज नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर, विशेषज्ञ डॉक्टर करेंगे जांच

कन्नड़ | अशरफ़ अली
डॉ. आई. जी. पटेल फाउंडेशन, सिल्वरलाईन हॉस्पिटल एवं सत्य विष्णु हॉस्पिटल (संत सेनाभवन के सामने, हडको, एन-12, जागृत मंदिर के पास, छत्रपति संभाजीनगर) के संयुक्त तत्वावधान में कन्नड़ नगर पालिका सभागार में सोमवार, 6 जुलाई 2026 को नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया जाएगा।
शिविर सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक आयोजित होगा। इसमें ब्लड प्रेशर (बीपी), शुगर, गठिया, आमवात, कैंसर, कान-नाक-गला (ईएनटी), दमा, एलर्जी, त्वचा रोग, महिलाओं से संबंधित रोगों सहित विभिन्न बीमारियों की नि:शुल्क जांच की जाएगी। साथ ही कैंसर से संबंधित सभी शल्य चिकित्सा (ऑपरेशन) भी नि:शुल्क किए जाएंगे।
शिविर में छाती रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रवीण चाबुकस्वार, न्यूरोलॉजिस्ट डॉ. ज्ञानेश्वर देशमुख, डायबिटीज विशेषज्ञ डॉ. एस. वी. चांदेकर तथा कैंसर विशेषज्ञ डॉ. आशीष उके मरीजों की जांच करेंगे।
इस अवसर पर कन्नड़ नगराध्यक्ष फरीन बेगम अब्दुल जावेद, नगरसेवक, विभिन्न पदाधिकारी, समाजसेवी एवं अन्य गणमान्य नागरिक भी उपस्थित रहेंगे।
आयोजकों ने क्षेत्र के नागरिकों से इस नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की है।