AurangabadBeedBreaking NewsJalna

मराठवाड़ा में बारिश की वापसी, औरंगाबाद-जालना समेत कई जिलों में बरसी फुहारें; किसानों को मिली राहत

औरंगाबाद | खासदार टाईम्स वृत्तसेवा 

जून के आखिर में दस्तक देने और जुलाई के पहले सप्ताह में हल्की बारिश के बाद मानसून ने फिर से विराम ले लिया था, जिससे खरीफ की बुआई प्रभावित हुई। अब तक प्रदेश में सौ प्रतिशत बुआई पूरी नहीं हो सकी है और जिन किसानों ने बुआई कर दी है, उन्हें बीजों के अंकुरण की चिंता सता रही है।

इसी बीच बुधवार (16 जुलाई) की शाम मौसम ने करवट ली और मराठवाड़ा के कई हिस्सों में बारिश हुई। औरंगाबाद, जालना, बीड और हिंगोली के कई क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, जबकि अन्य जिलों में दिनभर तेज धूप और उमस बनी रही।

औरंगाबाद शहर और जिले में 9 जुलाई के बाद पहली बार बारिश हुई। दिनभर अक्टूबर जैसी गर्मी महसूस हुई, लेकिन शाम करीब चार बजे मौसम बदला और घने बादल छा गए। शाम छह बजे के आसपास शहर में हल्की बारिश शुरू हुई, जिससे मौसम सुहावना हो गया। जिले के माळीवाड़ा, कौडगांव (पैठण), लासूर स्टेशन, ढोरकीन तथा वैजापुर क्षेत्र के शिऊर और लाडगांवंगी में करीब 20 मिनट तक अच्छी बारिश हुई।

जालना शहर में भी शाम के समय 15 से 20 मिनट तक हल्की बारिश हुई, जिससे भीषण गर्मी से परेशान लोगों को राहत मिली। अंबड शहर में भी बारिश की फुहारें पड़ीं। पिछले आठ दिनों से जिले में बारिश नहीं हुई थी और तापमान 35 से 36 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था।

हिंगोली जिले के औंढा नागनाथ और कलमनुरी तहसील के कई गांवों में भी बारिश दर्ज की गई। जवळा पांचाळ क्षेत्र में करीब एक घंटे तक हुई बारिश से किसानों ने राहत की सांस ली। वहीं जांव (औंढा नागनाथ) में भी कुछ समय तक तेज बारिश हुई। दूसरी ओर नांदेड़, धाराशिव और लातूर जिलों में दिनभर तेज धूप बनी रही।

मराठवाड़ा में अगले तीन दिनों तक बारिश की संभावना

मुंबई स्थित क्षेत्रीय मौसम केंद्र से प्राप्त जानकारी के अनुसार मराठवाड़ा में आगामी दिनों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है। वसंतराव नाईक मराठवाड़ा कृषि विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार 16 जुलाई को परभणी, हिंगोली, औरंगाबाद और जालना, 17 जुलाई को औरंगाबाद, जालना, बीड, परभणी और धाराशिव, जबकि 18 जुलाई को बीड, लातूर, धाराशिव, नांदेड़, हिंगोली, परभणी, जालना और औरंगाबाद जिलों के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

बीड में रिमझिम, कई इलाकों में अब भी इंतजार

बीड शहर और माजलगांव क्षेत्र में रिमझिम बारिश हुई, जबकि आष्टी तहसील में केवल पांच मिनट तक हल्की बारिश दर्ज की गई। जिले के अन्य हिस्सों में अब भी अच्छी बारिश का इंतजार है। पिछले 24 घंटों में जिले में केवल 0.2 मिमी वर्षा दर्ज की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button