नहाने गए पति ने मांगा तौलिया, बाहर आए तो पत्नी ने लगा ली थी फांसी; कोल्हापुर की घटना से सनसनी

कोल्हापुर | खासदार टाईम्स वृत्तसेवा
महाराष्ट्र के कोल्हापुर जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। हाथकणंगले तहसील के यलगुड गांव में एक महिला प्रधानाध्यापिका ने घर के भीतर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना उस समय हुई जब उनके पति घर में ही नहाने गए हुए थे। इस घटना से पूरे इलाके में शोक और सनसनी का माहौल है।
मृतका की पहचान 36 वर्षीय शबाना रशीद हसुरे निवासी रामनगर, यलगुड के रूप में हुई है। वह एक इंग्लिश स्कूल में प्रधानाध्यापिका के पद पर कार्यरत थीं। इस मामले की सूचना हुपरी पुलिस थाने में दर्ज कर ली गई है।
क्या हुआ था?
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह शबाना और उनके पति घर पर मौजूद थे। इसी दौरान उनके पति नहाने के लिए बाथरूम में चले गए। नहाने के बाद उन्होंने शबाना से तौलिया मांगा, लेकिन काफी देर तक कोई जवाब नहीं मिला। कई बार आवाज लगाने के बावजूद जब कोई प्रतिक्रिया नहीं आई, तो वे बाथरूम से बाहर निकले।
कमरे का दरवाजा खोलते ही उनके होश उड़ गए। शबाना ने घर के एक कमरे में लोहे के एंगल से दुपट्टे के सहारे फांसी लगा ली थी।
अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
घटना के तुरंत बाद परिजन उन्हें हुपरी के स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
आत्महत्या का कारण स्पष्ट नहीं
फिलहाल शबाना हसुरे ने यह कदम क्यों उठाया, इसका कारण अभी तक सामने नहीं आया है। हुपरी पुलिस ने आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एक शिक्षिका और प्रधानाध्यापिका द्वारा उठाए गए इस आत्मघाती कदम से पूरे क्षेत्र में शोक और चर्चा का माहौल है।
