Breaking NewsCrime NewsJalna

अंबड में सरकारी पोषण आहार की कालाबाजारी पर बड़ी कार्रवाई, 6.37 लाख रुपये का गेहूं-चावल जब्त

जालना | कादरी हुसेन 

सरकारी योजनाओं के तहत स्कूली पोषण आहार (मिड-डे मील) में उपयोग होने वाले गेहूं और चावल की कथित कालाबाजारी के खिलाफ अंबड में बड़ी कार्रवाई की गई है। पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर 6 लाख 37 हजार 418 रुपये मूल्य का सरकारी अनाज एवं अन्य सामग्री जब्त की है। मामले में गोदाम मालिक के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है।

जानकारी के अनुसार, 16 जुलाई 2026 की शाम आपूर्ति एवं राजस्व विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि अंबड के चांगले नगर स्थित एक निजी टीनशेड गोदाम में सरकारी अनाज अवैध रूप से संग्रहित कर काले बाजार में बेचने की तैयारी की जा रही है। सूचना के आधार पर जिलाधिकारी आशिमा मित्तल के मार्गदर्शन में गठित विशेष टीम ने पुलिस के साथ रात करीब 7:45 बजे गोदाम पर छापा मारा।

गोदाम बंद होने और मालिक शेख नसीर अब्बास बागवान (निवासी अंबड) से संपर्क नहीं होने पर अधिकारियों ने पंचों की मौजूदगी में ताला तोड़कर तलाशी ली।

तलाशी के दौरान 189 बोरी गेहूं (94.50 क्विंटल) जिसकी अनुमानित कीमत 2 लाख 97 हजार 702 रुपये, 152 बोरी चावल (76 क्विंटल) जिसकी अनुमानित कीमत 3 लाख 33 हजार 716 रुपये, सरकारी अनाज वितरण में उपयोग होने वाली 80 खाली बोरियां तथा 6 हजार 500 रुपये मूल्य का इलेक्ट्रॉनिक वजन कांटा बरामद किया गया। जब्त सामग्री का कुल मूल्य 6 लाख 37 हजार 418 रुपये बताया गया है।

तहसील कार्यालय अंबड के निरीक्षण अधिकारी किरणकुमार शत्रुघ्न खांडेभराड की शिकायत पर आरोपी शेख नसीर अब्बास बागवान के विरुद्ध अंबड पुलिस थाने में आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 की धारा 3 एवं 7 के तहत अपराध क्रमांक 0528/2026 दर्ज किया गया है।

जिला प्रशासन के अनुसार, कार्रवाई जिलाधिकारी आशिमा मित्तल के मार्गदर्शन में की गई है। मामले की आगे की जांच पुलिस उपनिरीक्षक (एसआई) भगवान नरोडे कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button