AurangabadBreaking NewsReligion/History

740वें उर्स की तैयारियां तेज: औरंगाबाद में समीक्षा बैठक, श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं पर विशेष जोर

औरंगाबाद | खासदार टाईम्स वृत्तसेवा 

ऐतिहासिक खुलताबाद स्थित हजरत ख्वाजा शेख मुंतजबोद्दीन ज़र ज़री ज़र बख्श (रह.) के 740वें उर्स के मद्देनज़र जिला प्रशासन ने तैयारियों में तेजी ला दी है। औरंगाबाद में जिलाधिकारी विनय गौड़ा की अध्यक्षता में आयोजित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में उर्स में आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सभी आवश्यक सुविधाओं के बेहतर प्रबंधन के निर्देश संबंधित विभागों को दिए गए।

बैठक में उर्स प्रबंधन समिति के सदस्य एवं पूर्व नगराध्यक्ष एडवोकेट कैसरोद्दीन ने 24 घंटे शुद्ध पेयजल, अस्थायी शौचालय, निर्बाध बिजली आपूर्ति, स्वास्थ्य दल, अतिरिक्त एसटी बस सेवा, पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था तथा श्रद्धालुओं के लिए सभी आवश्यक नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रस्ताव प्रशासन के समक्ष रखा। प्रशासन ने इन सुझावों को गंभीरता से लेते हुए सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ समय पर तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी विनय गौड़ा ने संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने, सीसीटीवी कैमरों का नेटवर्क बढ़ाने, यातायात जाम से बचने के लिए वैकल्पिक मार्ग तय करने तथा खाद्य एवं औषधि प्रशासन को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश भी दिए।

बैठक में ग्रामीण पुलिस अधीक्षक प्रकाश जाधव, उपविभागीय अधिकारी संतोष गोरड़, तहसीलदार एवं उर्स प्रबंधन समिति के अध्यक्ष संतोष गुट्टे, मुख्याधिकारी समीर शेख, नगराध्यक्ष सय्यद आमेर पटेल, पुलिस निरीक्षक प्रशांत महाजन, दरगाह समिति के अध्यक्ष एजाज अहमद सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी एवं उर्स प्रबंधन समिति के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

प्रशासन ने इस वर्ष 740वें उर्स को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और श्रद्धालु-केंद्रित तरीके से सफल बनाने का संकल्प व्यक्त किया।

उधर, जिलाधिकारी ने स्पष्ट चेतावनी दी कि इस वर्ष उर्स और पवित्र श्रावण माह एक ही अवधि में होने के कारण श्रद्धालुओं और वाहनों की भारी भीड़ रहने की संभावना है। ऐसे में कानून-व्यवस्था, यातायात नियंत्रण, स्वास्थ्य सेवाएं, स्वच्छता, पेयजल, बिजली आपूर्ति, पार्किंग और आपातकालीन सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक के दौरान उर्स प्रबंधन समिति की ओर से जिलाधिकारी विनय गौड़ा का सम्मान भी किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button