जालना में 74 साल पुरानी इमारत का हिस्सा ढहा, चार बाइक और कार क्षतिग्रस्त; बड़ा हादसा टला

जालना | कादरी हुसैन
जालना शहर के पुराने मोंढा क्षेत्र में रविवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। वर्ष 1952 में निर्मित लगभग 74 वर्ष पुरानी एक जर्जर इमारत का हिस्सा अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे में चार दोपहिया वाहन और एक कार क्षतिग्रस्त हो गई, लेकिन राहत की बात यह रही कि किसी व्यक्ति की जान नहीं गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुराने मोंढा क्षेत्र स्थित ‘जयंतीलाल सन्स’ नामक टीन-पत्रा बिक्री की दुकान की दीवार और शटर अचानक गिर पड़े। दुकान के मालिक दिनेश ठक्कर ने बताया कि शनिवार को हुई रिमझिम बारिश के कारण इमारत की दीवार कमजोर हो गई थी, जिसके चलते रविवार सुबह यह हादसा हुआ।
घटना की सूचना मिलते ही जालना महानगरपालिका के उपमहापौर राजेश राऊत मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। महानगरपालिका के स्वच्छता निरीक्षक सहित अधिकारियों की टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर पंचनामा किया।
निरीक्षण के दौरान उपमहापौर राजेश राऊत ने कहा कि शहर में मौजूद जर्जर और खतरनाक इमारतों के संबंध में महानगरपालिका प्रशासन का ध्यान पहले भी आकर्षित किया गया था। इमारत मालिकों को नोटिस भी जारी किए गए हैं, लेकिन समय पर कार्रवाई नहीं होने से ऐसे हादसों का खतरा लगातार बना हुआ है।
रविवार होने के कारण बाजार में सामान्य दिनों की अपेक्षा भीड़ कम थी, जिससे बड़ा हादसा टल गया। यदि यह घटना व्यस्त समय में होती, तो गंभीर जनहानि हो सकती थी।
इस घटना के बाद शहर की जर्जर इमारतों का मुद्दा एक बार फिर चर्चा में आ गया है। नागरिकों ने महानगरपालिका से सभी खतरनाक इमारतों का तत्काल सर्वेक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने और संभावित हादसों को रोकने की मांग की है।