जालना में भाजपा-कांग्रेस आमने-सामने: सांसद कल्याण काले के कार्यालय के बाहर जोरदार प्रदर्शन, नारों से गरमाया राजनीतिक माहौल

जालना | कादरी हुसैन
बुधवार, 22 जुलाई को दोपहर करीब 2 बजे जालना शहर में राजनीतिक माहौल उस समय गरमा गया, जब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस सांसद कल्याण काले के जनसंपर्क कार्यालय के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान भाजपा और कांग्रेस के कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए, जिससे कुछ समय के लिए क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न हो गई।
प्रदर्शन के दौरान दोनों दलों के कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। भाजपा कार्यकर्ताओं ने ‘जय श्रीराम’ के नारों के साथ कांग्रेस के विरोध में प्रदर्शन किया, जबकि कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी जवाबी नारे लगाए। इससे पूरा परिसर राजनीतिक नारों से गूंज उठा और माहौल काफी गरमाया रहा।
मौके पर बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। स्थिति को देखते हुए पुलिस भी सतर्क रही और हालात पर नजर बनाए रखी। घटना के दौरान किसी अप्रिय घटना की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
यह प्रदर्शन ऐसे समय में हुआ है जब राष्ट्रीय स्तर पर भाजपा और कांग्रेस के बीच राजनीतिक बयानबाजी तेज है, जिसका असर अब स्थानीय स्तर पर भी दिखाई देने लगा है। जालना की इस घटना ने जिले के राजनीतिक माहौल को और अधिक गर्मा दिया है।
